Bihar Crime News: पश्चिम चंपारण के बैरिया थाना क्षेत्र में 6 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. आरोप है कि रंजीत उर्फ गोलू बच्ची को पैसे देने का लालच देकर अपने घर बुलाकर ले गया. घटना के बाद बच्ची घायल हालत में मिली, जिसके बाद उसे इलाज के लिए बेतिया स्थित जीएमसीएच में भर्ती कराया गया. बच्ची का इलाज जारी है.
घटना चूड़िहरवा टोला वार्ड नंबर-2 की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, बच्ची शाम करीब चार बजे घर से निकली थी. काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटी तो उसकी मां उसे खोजने के लिए निकली. इसी दौरान कुछ लड़कों ने बच्ची के एक घर में होने की जानकारी दी.
इसके बाद बच्ची की मां वहां पहुंची और दरवाजा खुलवाया. अंदर बच्ची घायल हालत में मिली. इसके बाद परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी. सूचना मिलते ही बैरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
पैसे का लालच देकर घर बुलाने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि रंजीत उर्फ गोलू ने बच्ची को पांच रुपये देने का लालच दिया और उसे अपने घर बुलाया. बच्ची से पूछताछ में उसने घटना से जुड़ी जानकारी पुलिस और परिजनों को दी. आरोप है कि बच्ची को घटना के बारे में किसी को नहीं बताने के लिए भी कहा गया.
पुलिस की पूछताछ में आरोपी रंजीत उर्फ गोलू ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, आरोपी की मां को भी हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है.
घटना के बाद पुलिस ने बच्ची को इलाज के लिए जीएमसीएच भेजा. पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. बच्ची के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
सदर डीएसपी राकेश भास्कर ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.





