1st Bihar Published by: HARERAM DAS Updated Mar 05, 2026, 5:19:12 PM
बहाली की मांग - फ़ोटो रिपोर्टर
BEGUSARAI: बेगूसराय जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित हड़ताली चौक पर गृह रक्षक (होमगार्ड) बहाली की मांग को लेकर चल रहे धरना-प्रदर्शन के दौरान हुए हंगामे के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि प्रिंस कुमार, श्रवण कुमार सहित लगभग 150–175 अज्ञात अभ्यर्थियों को भी आरोपी बनाया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गृह रक्षक बहाली के अभ्यर्थी नियुक्ति पत्र देने की मांग को लेकर हड़ताली चौक पर अनिश्चितकालीन धरना पर बैठे थे। प्रशासन को सूचना मिली थी कि धरना के कारण कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इसके बाद प्रशासनिक पदाधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाकर धरना समाप्त कराने का प्रयास किया।
बताया गया है कि उस समय मौके पर लगभग 25–30 महिला और 125–150 पुरुष अभ्यर्थी मौजूद थे। पुलिस और प्रशासन द्वारा बार-बार समझाने के बावजूद प्रदर्शनकारी नहीं माने और नारेबाजी करने लगे। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज भी की।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने करीब 150–176 अभ्यर्थियों को हिरासत में लेकर बस के माध्यम से जीरो माइल थाना परिसर ले जाया। वहां भी कुछ लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अचानक ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। बताया जा रहा है कि एक पुलिस पदाधिकारी के सिर में गंभीर चोट भी लगी है।
घटना के दौरान पुलिस ने मौके से सिंघौल थाना क्षेत्र के ईटवा वार्ड-15 निवासी उपेंद्र कुमार के पुत्र अंकित कुमार तथा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहन एघू वार्ड-41 निवासी राजेश कुमार के पुत्र अवनीश कुमार उर्फ प्रभाकर सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, अवैध जमावड़ा, मारपीट, गाली-गलौज, धमकी देने और जानलेवा हमला करने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। इनमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 191(3), 190, 115(2), 117(2), 109, 132, 121(1), 351(3) और 352 शामिल हैं।
जिला प्रशासन की ओर से सदर अंचलाधिकारी राहुल कुमार के आवेदन पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस का कहना है कि घटना की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई है तथा अन्य आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि 419 गृह रक्षक अभ्यर्थी पहले होमगार्ड कार्यालय के गेट पर तीन दिनों से धरना दे रहे थे। जब वहां जिला प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं हुई तो सभी अभ्यर्थी समाहरणालय के दक्षिणी द्वार स्थित हड़ताली चौक पर भूख हड़ताल पर बैठ गए।
डीएम और एसपी ने किया था समझाने का प्रयास
भूख हड़ताल के तीसरे दिन होली से एक दिन पहले मंगलवार की शाम जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री और पुलिस अधीक्षक मनीष धरना स्थल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन अभ्यर्थी नियुक्ति पत्र देने की मांग पर अड़े रहे।
इसी दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया और पुलिस व अभ्यर्थियों के बीच नोकझोंक के बाद स्थिति उग्र हो गई। पथराव की घटना के बाद पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया। इसके बाद पूरे मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।