Bihar News: बेगूसराय शहर के व्यस्त इलाकों में शामिल जीडी कॉलेज रोड स्थित गंगोत्री गंगे कांप्लेक्स मॉल में शुक्रवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. आग मॉल के प्रथम तल पर स्थित फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में लगी थी. धुआं उठता देख कर्मचारियों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि समय रहते फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
जानकारी के अनुसार रतनपुर थाना क्षेत्र के जीडी कॉलेज रोड स्थित गंगोत्री गंगे मॉल के फर्स्ट फ्लोर पर फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक्स का शोरूम संचालित होता है. शुक्रवार सुबह जब कर्मचारी शोरूम खोलने पहुंचे तो अंदर से धुआं निकलता दिखाई दिया. पहले तो लोगों को कुछ समझ नहीं आया, लेकिन जब अंदर जाकर देखा गया तो शोरूम के एक हिस्से में आग लगी हुई थी.
आग की सूचना मिलते ही शोरूम संचालकों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को जानकारी दी. खबर मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम आधा दर्जन से अधिक दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंच गई. इसके बाद आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया. काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया.
आग लगने के कारण पूरे फ्लोर में धुआं फैल गया था, जिससे कुछ समय के लिए आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई. हालांकि राहत की बात यह रही कि आग ज्यादा फैल नहीं सकी और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई.
अग्निशमन विभाग की एसडीएफओ श्वेता कुमारी ने बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे मॉल में आग लगने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही कई दमकल गाड़ियों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया. शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है. आग फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्शन में लगी थी, लेकिन समय रहते नियंत्रण पा लेने से बड़ा नुकसान होने से बच गया.
वहीं मॉल संचालक और सामाजिक कार्यकर्ता सुमित कुमार सिंह ने बताया कि जब वे सुबह शोरूम खोलने पहुंचे तो
दर धुआं भरा हुआ था. जांच करने पर कुछ सामानों में आग लगी हुई मिली. इसके बाद बिना देर किए फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई. उन्होंने बताया कि आग सबसे पहले एक सोफे में लगी थी, जिसके कारण धीरे-धीरे पूरे फ्लोर में धुआं फैल गया.
सुमित कुमार सिंह ने कहा कि यदि समय रहते आग का पता नहीं चलता तो नुकसान काफी बड़ा हो सकता था. फायर ब्रिगेड की तत्परता और कर्मचारियों की सतर्कता की वजह से आग को फैलने से रोक लिया गया. फिलहाल कुछ फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक सामानों को मामूली नुकसान पहुंचा है.
घटना के बाद मॉल परिसर और आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई. हालांकि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सामान्य गतिविधियां फिर से शुरू कर दी गई हैं.


