पटना से सटे बाढ़ में एक 23 वर्षीय कोचिंग संचालिका के साथ कथित तौर पर सरेआम हैवानियत की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि पूर्व छात्र ने पहले महिला के साथ अभद्रता की, फिर विरोध करने पर मारपीट करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए और दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला की बहन के मौके पर पहुंचने के बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गया। मामले में पीड़िता ने भदौर थाने में पूर्व छात्र अरबाज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
बच्चों को छोड़ने निकली थी कोचिंग संचालिका
घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। पीड़िता के मुताबिक, कोचिंग की छुट्टी होने के बाद बच्चे पढ़ाई कर घर लौट रहे थे। वह उन्हें छोड़ने के लिए गली तक गई थीं। इसी दौरान वहां पूर्व छात्र अरबाज पहुंच गया।आरोप है कि अरबाज ने कोचिंग संचालिका को देखते ही उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी। महिला ने जब इसका विरोध किया तो वह मारपीट पर उतर आया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उनके कपड़े फाड़ दिए और दुष्कर्म करने की कोशिश की। महिला के विरोध और शोर मचाने के बाद उनकी बहन मौके पर पहुंचीं। बहन ने आरोपी का विरोध किया तो वह धमकी देते हुए वहां से भाग निकला।
कोचिंग से निकाला तो भड़क गया था आरोपी!
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि अरबाज की बहन करीब एक साल पहले उनके यहां पढ़ने आती थी। इसी दौरान अरबाज भी कोचिंग सेंटर में आने-जाने लगा। आरोप है कि वह वहां पढ़ने वाली दूसरी छात्राओं के साथ गलत हरकत करता था।छात्राओं की शिकायत मिलने के बाद कोचिंग संचालिका ने उसे कई बार चेतावनी दी। लेकिन जब उसके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ तो उसे कोचिंग से निकाल दिया गया। पीड़िता का आरोप है कि इसी बात से नाराज अरबाज ने उन्हें कोचिंग सेंटर बंद करा देने की धमकी दी थी। अब पुलिस इस पुराने विवाद को भी घटना से जोड़कर जांच कर रही है।
भदौर थाने में दर्ज हुआ केस
घटना के बाद पीड़िता ने भदौर थाने पहुंचकर आरोपी अरबाज के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाने के साथ-साथ आरोपी की तलाश में भी जुटी है। घटना के दौरान वास्तव में क्या-क्या हुआ, इसे लेकर पुलिस पीड़िता और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। बाढ़ की इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। कोचिंग संचालिका के आरोपों ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस की जांच के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर साफ होगी।





