ब्रेकिंग
बिहार टेंडर घोटाला: रिशु श्री की जमानत पर फैसला सुरक्षित, IAS संजीव हंस की अग्रिम जमानत पर कल होगी सुनवाईसम्राट कैबिनेट का बड़ा फैसला: पटना से बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, आरा और गया तक रैपिड रेल, AIIMS का भी होगा विस्तारBIHAR: स्पा सेंटर पर स्पेशल क्राइम ब्रांच की रेड, सेक्स रैकेट का खुलासा!, पकड़े गये 4 युवती और 2 युवक भरत तिवारी एनकाउंटर केस की न्यायिक जांच तेज, आरा में आयोग के कार्यालय पहुंचे रिटायर्ड जज विनोद कुमार सिन्हा; गवाहों को जारी किया समनपटना पुलिस का बड़ा एक्शन: 29 फरार अपराधियों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित, पूरी लिस्ट देखिए..बिहार टेंडर घोटाला: रिशु श्री की जमानत पर फैसला सुरक्षित, IAS संजीव हंस की अग्रिम जमानत पर कल होगी सुनवाईसम्राट कैबिनेट का बड़ा फैसला: पटना से बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, आरा और गया तक रैपिड रेल, AIIMS का भी होगा विस्तारBIHAR: स्पा सेंटर पर स्पेशल क्राइम ब्रांच की रेड, सेक्स रैकेट का खुलासा!, पकड़े गये 4 युवती और 2 युवक भरत तिवारी एनकाउंटर केस की न्यायिक जांच तेज, आरा में आयोग के कार्यालय पहुंचे रिटायर्ड जज विनोद कुमार सिन्हा; गवाहों को जारी किया समनपटना पुलिस का बड़ा एक्शन: 29 फरार अपराधियों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित, पूरी लिस्ट देखिए..

Bankipur Bypoll : बांकीपुर में 'लालू प्रसाद यादव' की एंट्री! 422 बूथ, EVM तैयार... उपचुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार लालू प्रसाद यादव ने नामांकन दाखिल कर चुनावी मुकाबले को रोचक बना दिया है। वहीं जिला प्रशासन ने 422 मतदान केंद्रों के लिए ईवीएम आवंटित कर निष्पक्ष चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं।

Bankipur Bypoll
Bankipur Bypoll
© ai photo
Tejpratap
Tejpratap
5 मिनट

Bankipur Bypoll :  राजधानी पटना की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। प्रमुख राजनीतिक दलों के साथ-साथ निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनावी मैदान में उतरने लगे हैं। इसी क्रम में सारण जिले के मढ़ौरा प्रखंड के जादो रहीपुर गांव निवासी लालू प्रसाद यादव ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया है। उनके नाम और राष्ट्रीय जनता दल के संस्थापक लालू प्रसाद यादव के नाम की समानता के कारण यह उम्मीदवारी चर्चा का विषय बनी हुई है।


47 वर्षीय लालू प्रसाद यादव ने बुधवार को जिला निर्वाचन कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। चुनाव आयोग को दिए गए शपथ पत्र के अनुसार उनके खिलाफ कोई भी आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। उन्होंने अपनी चल और अचल संपत्तियों का भी विवरण प्रस्तुत किया है। हलफनामे के मुताबिक उनके पास एक लाख रुपये नकद हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास 50 हजार रुपये नकद हैं। परिवार पर किसी प्रकार का कर्ज या देनदारी नहीं है। संपत्ति के रूप में उनके पास एक अल्टो कार और लगभग तीन बीघा पुश्तैनी कृषि भूमि है।


बुधवार को एक अन्य उम्मीदवार निरंजन कुमार आचार्य ने भी राइट टू रिकॉल पार्टी के प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। पटना के स्टेशन रोड निवासी निरंजन कुमार आचार्य के शपथ पत्र के अनुसार उनके पास 50 हजार रुपये नकद हैं और बैंक खाते में भी 50 हजार रुपये जमा हैं। उनकी पत्नी के नाम पर कोई नकद या बैंक जमा राशि दर्ज नहीं है।


चुनावी तैयारियों में जुटा जिला प्रशासन

उधर, बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी कुन्दन कुमार की अध्यक्षता में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) का प्रथम रेंडमाइजेशन किया गया।


बैठक में बताया गया कि उपचुनाव के लिए कुल 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों के लिए आवश्यक संख्या में ईवीएम का आवंटन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत किया गया। रेंडमाइजेशन के दौरान निर्वाचन अधिकारियों के अलावा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, ताकि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी बनी रहे।


आदर्श आचार संहिता के पालन पर जोर

रेंडमाइजेशन के बाद आयोजित जिलास्तरीय स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में डीएम कुन्दन कुमार ने चुनाव से जुड़े सभी अधिकारियों को आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी राजनीतिक दल या प्रत्याशी बिना अनुमति के सभा, रैली या जुलूस आयोजित नहीं कर सकेगा। इसके अलावा पंपलेट छपवाने, लाउडस्पीकर के इस्तेमाल और प्रचार वाहनों के संचालन के लिए भी पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा।

डीएम ने बताया कि उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों की सुविधा के लिए जिला एवं अनुमंडल स्तर पर सिंगल विंडो सिस्टम संचालित किया जा रहा है, जिससे सभी प्रकार की चुनावी अनुमति एक ही स्थान से समय पर उपलब्ध कराई जा सके।


मतदान केंद्रों पर रहेंगी सभी जरूरी सुविधाएं

बैठक में मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। प्रशासन ने सभी केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, रैंप, बैठने और छाया की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों से कहा गया कि दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।


निगरानी टीमों को दिए गए विशेष निर्देश

चुनावी गतिविधियों की निगरानी के लिए गठित फ्लाइंग स्क्वॉड और स्टैटिक सर्विलांस टीमों की समीक्षा बैठक में डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जांच अभियान के दौरान पूरी शालीनता बरती जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की जांच केवल महिला पदाधिकारी ही करेंगी, ताकि मतदाताओं की गरिमा और सुरक्षा बनी रहे।

बैठक में सामान्य प्रेक्षक, पुलिस प्रेक्षक, व्यय प्रेक्षक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत निर्वाचन से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने दोहराया कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।