Bihar Job Update: बांका में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 5.60 लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने आरोपित प्रीति कुमारी के खिलाफ बड़ी कानूनी कार्रवाई की है. न्यायालय के आदेश के बाद बांका पुलिस की टीम उसके पैतृक घर पहुंची और ढोल-नगाड़े बजाकर मुनादी कराई. इसके बाद घर की मुख्य दीवार पर इश्तेहार चिपकाते हुए आरोपित को निर्धारित समय के भीतर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई.
यह मामला सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले कथित गिरोह से जुड़ा है. मामले में फर्जी DSP बनकर लोगों को नौकरी दिलाने का झांसा देने वाले मनोज कुमार वर्मा के साथ प्रीति कुमारी का नाम सामने आया है. पुलिस के अनुसार, दोनों के खिलाफ न्यायालय की प्रक्रिया के तहत यह कार्रवाई की जा रही है.
किराये का मकान छोड़कर फरार मिली प्रीति
पुलिस के अनुसार, प्रीति कुमारी का वर्तमान पता भागलपुर शहर के माशाकचक स्थित एक किराये के मकान का था. पुलिस टीम जब उसके किराये के ठिकाने पर पहुंची तो पता चला कि वह पहले ही मकान खाली कर वहां से फरार हो चुकी है.
इसके बाद पुलिस ने उसके बांका जिले के शंभुगंज थाना क्षेत्र के वंशीपुर स्थित पैतृक आवास का पता लगाया. टीम वहां पहुंची और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में ढोल बजाकर मुनादी कराई. इसके बाद न्यायालय का इश्तेहार उसके घर की मुख्य दीवार पर चस्पा कर दिया गया.
मनोज वर्मा के घर भी हो चुकी है ऐसी कार्रवाई
इस मामले के मुख्य आरोपित बताए जा रहे मनोज कुमार वर्मा के खिलाफ भी न्यायालय की ओर से उद्घोषणा जारी की जा चुकी है. बांका पुलिस ने दो दिन पहले उसके आवास पर भी इसी तरह ढोल बजाकर इश्तेहार चिपकाया था.
पुलिस के अनुसार, अगर दोनों आरोपित निर्धारित समय सीमा के भीतर न्यायालय या पुलिस के सामने आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनकी चल-अचल संपत्ति की कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है.
चाची पर भतीजी को फर्जी DSP से मिलाने का आरोप
मामले में पीड़िता सोनम भारती ने पुलिस को दिए अपने बयान में प्रीति कुमारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पीड़िता के अनुसार, प्रीति उसकी सगी चाची है और उसी ने उसे मनोज कुमार वर्मा से मिलवाया था.
आरोप है कि मनोज वर्मा को DSP बताकर सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया गया और इसी झांसे में पीड़िता से 5.60 लाख रुपये ले लिए गए. नौकरी नहीं मिलने के बाद जब पीड़िता को कथित ठगी का पता चला तो उसने दोनों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन दोनों फरार हो गए.




