Bihar Flood News: बिहार में लगातार हो रही बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है. ऐसे में बांका जिले के धोरैया प्रखंड में गेरुआ, चीर, गहिरा, मिर्चनी, रकौली और कदबा नदी में पानी बढ़ने से कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. धोरैया-नवादा मुख्य सड़क पर मननिहाट के पास गहिरा नदी का पानी पुल के ऊपर करीब दो फीट तक बह रहा है.
पानी के तेज बहाव और पुल पर बने खतरे को देखते हुए प्रशासन ने इस रास्ते से आवागमन पूरी तरह रोक दिया है. अंचल अधिकारी की ओर से पुल के पास बैरिकेडिंग कराई गई है. वहीं, धोरैया थाना की ओर से चार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जो लोगों को पुल पार करने से रोक रहे हैं.
तेज बहाव के बीच पुल पार कर रहे लोग
प्रशासन की ओर से रोक लगाए जाने के बावजूद कुछ लोग तेज बहाव के बीच पुल पार करते नजर आ रहे हैं. कई लोग बच्चों को साथ लेकर भी पानी से होकर गुजर रहे हैं. पुलिसकर्मी लोगों को समझाकर वापस लौटने की अपील कर रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि कई परिवार जरूरी काम के लिए इस रास्ते का इस्तेमाल करने को मजबूर हैं.
पुल के दोनों तरफ पुलिस बल तैनात करने की मांग
पुल का दूसरा छोर धनकुंड थाना क्षेत्र में आता है. वहां पुलिस बल की तैनाती नहीं होने के कारण लोगों की आवाजाही पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो पा रही है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पुल के दोनों ओर पुलिस बल तैनात करने की मांग की है, ताकि कोई व्यक्ति तेज बहाव के बीच पुल पार न कर सके.
मिर्चनी नदी का डायवर्जन भी बहा
इधर, कुरमा गांव में ईदगाह के पीछे मिर्चनी नदी पर बन रहे पुल के पास बनाया गया डायवर्जन भी पानी के तेज बहाव में बह गया. डायवर्जन के बह जाने से कुरमा हाट के रास्ते जयपुर समेत आसपास के कई गांवों में आने-जाने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है.
बताया जा रहा है कि पुल का निर्माण पूरा होने के बाद आसपास के करीब एक दर्जन गांवों की लगभग 20 हजार आबादी को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है. फिलहाल नदी का जलस्तर बढ़ने और डायवर्जन बह जाने के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.





