WEST CHAMPARAN: पश्चिम चंपारण की नदियों में अवैध खनन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रशासन की सख्ती के बावजूद खनन माफिया चोरी-छिपे नदियों से सिल्ट और बालू की निकासी कर रहे हैं। ताजा मामला शिकारपुर थाना क्षेत्र के बिनवलिया गांव स्थित ईदगाह के समीप बलोर नदी का है। यहां अवैध खनन की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर एक जेसीबी और दो ट्रैक्टरों को जब्त किया है। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही तीनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, बलोर नदी में जेसीबी लगाकर सिल्ट और बालू की अवैध निकासी की जा रही थी। इसी दौरान एक ग्रामीण ने इसकी सूचना एसडीएम अभिजीत कुमार गोविंदा को दी। सूचना मिलते ही एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शिकारपुर पुलिस को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर खनन में लगे तीनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया।
कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए दोनों ट्रैक्टरों पर रजिस्ट्रेशन नंबर मिटे हुए पाए गए। वहीं, जेसीबी का रजिस्ट्रेशन नंबर BR 22 GC 5867 बताया गया है। चर्चा है कि तीनों वाहन चेंगौना गांव के किसी व्यक्ति के हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस संबंध में शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि अवैध खनन में लगे एक जेसीबी और दो ट्रैक्टरों को जब्त किया गया है। मामले की सूचना खनन विभाग को दे दी गई है। विभागीय अधिकारियों के पहुंचने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सवाल यह है कि नदियों में लगातार हो रहे अवैध खनन पर रोक कब लगेगी? पुलिस की इस कार्रवाई से खनन में लगे लोगों में हड़कंप जरूर मचा है, लेकिन नदियों से लगातार हो रही अवैध निकासी प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है।





