Bihar Crime News: औरंगाबाद के नरारी कला थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका की पहचान रतनौर निवासी अलखदेव सिंह की बेटी जूली कुमारी के रूप में हुई है. घटना के बाद मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने और साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है.
परिजनों के अनुसार, जूली कुमारी की शादी वर्ष 2016 में नरारी खुर्द, सेंधोखाप निवासी सूरज कुमार के साथ हुई थी. शादी के दौरान मायके वालों ने करीब सात लाख रुपये दहेज दिया था. परिजनों का कहना है कि शादी के शुरुआती वर्षों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में संतान नहीं होने की बात को लेकर ससुराल पक्ष का व्यवहार बदलने लगा.
भाई का आरोप- संतान नहीं होने पर करते थे प्रताड़ित
मृतका के भाई पार्थिव पटेल उर्फ नवल यादव ने आरोप लगाया कि जूली को संतान नहीं होने को लेकर पति सूरज कुमार, सास चिंता देवी, ससुर राजेंद्र सिंह और दो ननद लगातार ताने देते थे. परिजनों के मुताबिक, इस वजह से जूली को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था.
परिवार का कहना है कि जूली को संतान नहीं थी, लेकिन ससुराल वालों की ओर से उसके इलाज पर ध्यान नहीं दिया गया. मायके वाले ही कई बार उसे इलाज के लिए पटना लेकर गए थे. इस विवाद को लेकर परिवार और रिश्तेदारों के स्तर पर कई बार पंचायती भी हुई और दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया गया.
पति पर दूसरी महिला से संबंध का आरोप
मृतका के भाई दुर्गा कुमार ने आरोप लगाया कि जूली के पति सूरज कुमार का किसी दूसरी महिला से संबंध था. इसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था. परिजनों का दावा है कि सूरज दूसरी शादी करना चाहता था. विवाद खत्म करने के लिए जूली ने पति को दूसरी शादी करने की अनुमति तक दे दी थी, लेकिन इसके बाद भी पारिवारिक विवाद खत्म नहीं हुआ.
घर में मिला सल्फास का पैकेट, पांच गोलियां गायब होने का दावा
परिजनों के अनुसार, घटना वाले दिन सुबह करीब साढ़े नौ बजे पड़ोसी ने मायके वालों को फोन कर जूली की तबीयत खराब होने और उसे अस्पताल ले जाने की जानकारी दी. सूचना मिलने के बाद उसके भाई करीब 10 बजे ससुराल पहुंचे. वहां जूली का शव घर के फर्श पर पड़ा मिला.
मायके वालों का आरोप है कि उनके पहुंचने के बाद ससुराल पक्ष के कुछ लोग वहां से भागने लगे. घटना के समय जूली का पति सूरज कुमार घर पर नहीं था. भाइयों का दावा है कि घर में सल्फास का एक पैकेट मिला, जिसमें 10 में से पांच गोलियां नहीं थीं. इसी आधार पर उन्होंने जूली को जहर देकर मारने की आशंका जताई है. हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने के बाद नरारी कला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. मृतका के भाइयों ने पति, सास, ससुर समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.




