बिहार की राजनीति में बाहुबली नेता और मोकामा विधायक अनंत सिंह का नाम हमेशा सुर्खियों में रहता है। कभी उनके राजनीतिक बयान चर्चा में रहते हैं तो कभी उनके परिवार से जुड़ी खबरें लोगों का ध्यान खींचती हैं। इन दिनों अनंत सिंह के घर में शादी की तैयारियां चल रही हैं। उनकी छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी होने जा रही है। शादी की खबर सामने आने के बाद अब लोग यह जानने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं कि आखिर शिवांगी कौन हैं, क्या करती हैं और उनका होने वाला जीवनसाथी कौन है?
दरअसल, शिवांगी अपने पिता अनंत सिंह और भाइयों की तरह सार्वजनिक और राजनीतिक गतिविधियों में बहुत कम दिखाई देती हैं। वह सोशल मीडिया पर भी ज्यादा सक्रिय नजर नहीं आती हैं। उन्होंने अपना सोशल मीडिया अकाउंट प्राइवेट कर रखा है। यही वजह है कि उनकी निजी जिंदगी और शिक्षा को लेकर लोगों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है।
शिवांगी ने खुद बताई अपनी पढ़ाई और आर्थिक स्थिति
कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर शिवांगी को लेकर एक महिला पत्रकार ने कुछ जानकारी साझा की थी। इस पर शिवांगी ने खुद जवाब देते हुए अपनी पढ़ाई और निजी जिंदगी से जुड़ी बातें स्पष्ट कीं। उन्होंने बताया कि उन्होंने मास्टर्स की पढ़ाई पूरी कर ली है और वह आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अपनी शिक्षा और निजी फैसलों को लेकर उन्हें किसी के सामने सफाई देने की जरूरत महसूस नहीं होती।
शिवांगी की इस प्रतिक्रिया के बाद उनकी शिक्षा और आत्मनिर्भरता को लेकर चर्चा तेज हो गई। हालांकि, उन्होंने अपने काम या पेशे से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। फिलहाल उनकी पहचान अनंत सिंह की छोटी बेटी के रूप में ही अधिक रही है।
अमेरिका में नौकरी करते हैं होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार
शिवांगी सिंह की शादी ऋषिकेश कुमार से तय हुई है। ऋषिकेश मूल रूप से पटना जिले के बिहटा इलाके के रहने वाले हैं। उनका परिवार कृष्णानगर में रहता है। उनके पिता का नाम रणविजय सिंह बताया जाता है, जो सीआरपीएफ में कमांडेंट बताए गए हैं।ऋषिकेश ने अमेरिका के अटलांटा स्थित जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से एमबीए की पढ़ाई की है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, वह पिछले करीब 11 वर्षों से अमेरिका में रह रहे हैं और फिलहाल वहीं नौकरी कर रहे हैं।इस तरह अनंत सिंह की छोटी बेटी का रिश्ता विदेश में काम करने वाले युवक से तय हुआ है। शादी को लेकर दोनों परिवारों में तैयारियां जोरों पर हैं।
अनंत सिंह और नीलम देवी के हैं पांच बच्चे
अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी के कुल पांच बच्चे हैं। इनमें दो बेटियां और तीन बेटे शामिल हैं। परिवार की बड़ी बेटी राजनंदनी सिंह की शादी पहले ही हो चुकी है।राजनंदनी सिंह का विवाह लखीसराय जिले के प्रतापपुर निवासी कुमार पुनीत से हुआ है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, उनके पति केंद्रीय सेवा में अधिकारी हैं।वहीं, छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी अब होने जा रही है। इसके अलावा अनंत सिंह के तीन बेटे भी हैं। अभिषेक सिंह और अंकित सिंह दोनों जुड़वा भाई हैं। दोनों अक्सर अपने पिता के साथ दिखाई देते हैं। उन्होंने नोएडा के एमिटी विश्वविद्यालय से पढ़ाई की है। इसके बाद जनवरी 2025 में दोनों उच्च शिक्षा के लिए लंदन चले गए थे।
वहीं, अनंत सिंह के सबसे छोटे बेटे अभिनव सिंह सार्वजनिक और राजनीतिक गतिविधियों से दूर रहते हैं। कुछ महीने पहले एक इंटरव्यू के दौरान अनंत सिंह ने अपने छोटे बेटे की ओर इशारा करते हुए कहा था कि 'ई IPS बनेगा'। उनके इस बयान की भी काफी चर्चा हुई थी।
10 बीघे में तैयार हो रहा शादी का पंडाल
शिवांगी की शादी को यादगार बनाने के लिए अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। शादी समारोह के लिए करीब 10 बीघे जमीन में भव्य पंडाल बनाया जा रहा है। इसकी सजावट और व्यवस्था के लिए उत्तर प्रदेश के मऊ से विशेष रूप से टेंट और पंडाल लगाने वाले मजदूरों को बुलाया गया है। शादी में मेहमानों के स्वागत के लिए विदेशी फूलों की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए विदेश से फूल मंगवाने का ऑर्डर भी दिया गया है। समारोह में हॉर्स राइडिंग यानी घुड़सवारी का विशेष आयोजन होगा। इसके लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से घुड़सवारों को बुलाने की तैयारी है।घुड़सवारी के आयोजन को देखते हुए गांव में जमीन को समतल कर मैदान तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा शादी समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
बेटी की शादी को भव्य बनाने में जुटे अनंत सिंह
अनंत सिंह की बेटी की शादी सिर्फ परिवार का निजी समारोह नहीं, बल्कि उनके समर्थकों और क्षेत्र के लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बनी हुई है। अनंत सिंह पहले ही अपने समर्थकों, दोस्तों और चाहने वालों को शादी में शामिल होने का निमंत्रण दे चुके हैं।नदवां गांव में तैयारियों का पैमाना देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि शादी समारोह काफी भव्य होने वाला है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि शिवांगी की शादी में बिहार की राजनीति और सामाजिक जगत की कौन-कौन सी बड़ी हस्तियां शामिल होती हैं।





