Patna Crime News: बड़ी खबर राजधानी पटना से आ रही है जहां एक राइस मिल संचालक पिछले तीन दिनों से लापता है। कारोबारी के लापता होने के बाद उसके परिजन अनहोनी की आशंका से सहमे हुए हैं और पुलिस से उसकी सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।
बताया जा रहा है कि बिहटा आईआईटी थाना क्षेत्र के सिकरिया चौक के पास से कारोबारी शंकर सिंह तीन दिन पहले लापता हो गए थे। कारोबारी के भाई राकेश कुमार सिंह ने घटना की जानकारी पुलिस को दी है और थाने में मामला दर्ज कराया है। जिसके बाद पुलिस ने कारोबारी की तलाश शुरू कर दी है और इसमें आईटी सेल की भी मदद ली जा रही है।
बताया जा रहा है कि 40 वर्षीय कारोबारी शंकर सिंह गुरुवार की दोपहर पटना जाने की बात कहकर घर से निकले थे। इस दौरान वह चौक पर स्थित अपने राइस मिल में गए और वहां से निकलने के बाद अचानक लापता हो गए। इसके बाद से उनका मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गया है, जिससे परिवार के लोग खौफ में हैं।
पूरे मामले पर थानाध्यक्ष शिव शंकर कुमार ने बताया कि कारोबारी के लापता होने का मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस लगातार उन्हें तलाश कर रही है। इसमें तकनीकी सेल की भी मदद ली जा रही है। फिलहाल कारोबारी का कोई सुराग नहीं मिला है। फिलहाल पुलिस राइस मिल के कर्मियों से पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है।