New Bypass in Bihar: बिहार के गोपालगंज में करीब साढ़े 12 किलोमीटर लंबा नया बाइपास बनने जा रहा है। इस नए बाइपास के निर्माण के बाद गोपालगंज के अलावा सीवान समेत कई अन्य जिलों के लोगों को लाभ मिलेगा। नई बाइपास सड़क के बनने से इस इलाके की जमीनों के दाम भी बढ़ जाएंगे।


इस नए बाइपास के निर्माण के लिए पथ निर्माण विभाग ने भूमि सर्वे का काम पूरी करने के बाद जमीन की मापी का कार्य शुरू कर दिया है। बाइपास के निर्माण कार्य पूरा होते ही इस इलाके की जमीनों के दाम आसमान छूने लगेंगे। मांझा प्रखंड के दानापुर एनएच 27 से तुरकाहां एनएच 531 तक करीब 12.60 किलोमीटर बाइपास का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा।


मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रगति यात्रा के दौरान इस बाइपास के निर्माण की घोषणा की थी। 12.60 किलोमीटर लंबे बाइपास के निर्माण के लिए 126.54 करोड़ की राशि पथ निर्माण विभाग ने स्वीकृत की है। जल्द ही सड़क के निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। बाइपास निर्माण के लिए जमीन की मापी का काम तेजी से हो रहा है।


जानकारी के अनुसार, दानापुर एनएच 27 से तुरकाहां एनएच 531 तक 45 फीट चौड़े सड़क का निर्माण होगा। इसके निर्माण के बाद शहर में लगने वाले जाम से लोगों को छुटकारा मिल जाएगा। सीवान से गोपालगंज होते हुए मुजफ्फरपुर और पूर्वी चंपारण की तरफ जाने वाली गाड़ियों को गोपालगंज शहर में नहीं जाना पड़ेगा। बेतिया, मोतिहारी और सीवान आदि जिलों के किसानों को गन्ना ढुलाई में भी बड़ी मदद मिलेगी।