Bihar Politics: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव धनतेरस के मौके पर एक नई लग्जरी इलेक्ट्रिक कार में नजर आए। शुक्रवार को तेजस्वी अपनी नई ईवी कार से पटना स्थित सरकारी आवास से निकले। इस दौरान उनकी बेटी कात्यायनी भी उनके साथ मौजूद थीं। तेजस्वी यादव की नई लग्जरी कार में घूमते हुए तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
बताया जा रहा है कि तेजस्वी यादव जिस कार में नजर आए, वह MG M9 EV है। यह मॉरिस गैराज (MG Motors) की लग्जरी इलेक्ट्रिक एमपीवी है, जिसकी कीमत लगभग 80 लाख रुपये बताई जा रही है। हालांकि, धनतेरस पर नजर आई इस कार को तेजस्वी यादव ने खुद खरीदा है या यह किसी अन्य की गाड़ी है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
MG M9 EV एक सात सीटों वाली लग्जरी इलेक्ट्रिक कार है। कंपनी की वेबसाइट के अनुसार, इसकी कीमत लगभग 80 लाख रुपये है। हालांकि, अलग-अलग शहरों में इसकी ऑन-रोड कीमत इससे अधिक हो सकती है। इस कार की सबसे बड़ी खासियत इसका लग्जरी इंटीरियर और आरामदायक सफर है। इसमें बीच की सीटों को खास तौर पर डिजाइन किया गया है, जो यात्रियों को विमान की फर्स्ट क्लास जैसी सुविधा और अनुभव देती हैं। वहीं, पीछे की सीटों पर बैठने वाले यात्रियों के आराम का भी विशेष ध्यान रखा गया है।
MG M9 EV में 90 kWh क्षमता की NMC बैटरी दी गई है। कंपनी के दावे के मुताबिक, यह इलेक्ट्रिक कार एक बार फुल चार्ज होने पर लगभग 548 किलोमीटर तक की रेंज दे सकती है। इस रेंज के हिसाब से यह कार एक बार चार्ज करने पर पटना से लखनऊ तक का सफर तय करने में सक्षम है। सात सीटों वाली यह इलेक्ट्रिक एमपीवी लग्जरी और लंबी दूरी की यात्रा के लिहाज से खास मानी जाती है।
धनतेरस के मौके पर लोग अक्सर नए वाहन और अन्य शुभ वस्तुओं की खरीदारी करते हैं। ऐसे में तेजस्वी यादव का नई लग्जरी इलेक्ट्रिक कार में नजर आना चर्चा का विषय बन गया है। खासकर करीब 80 लाख रुपये कीमत वाली MG M9 EV और उसकी 548 किलोमीटर की रेंज को लेकर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है।





