Bihar MLC Electon 2026: बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर राज्य में सियासी हलचल तेज हो गई है। इन आठ सीटों में चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। चुनाव की औपचारिक घोषणा से पहले ही राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार जन सुराज के सभी आठ सीटों पर चुनाव लड़ने के ऐलान से मुकाबले में एक नया राजनीतिक दल भी सक्रिय रूप से मैदान में है।
जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर ने पांच सीटों के लिए पार्टी के उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। उन्होंने कहा कि जिन निर्वाचन क्षेत्रों से जन सुराज के उम्मीदवार जीतेंगे, वहां 10 हजार पढ़े-लिखे युवाओं को रोजगार दिलाने की पहल की जाएगी। बाकी तीन उम्मीदवारों के नाम भी जल्द घोषित किए जाने की बात कही गई है।
जन सुराज की ओर से घोषित पांच उम्मीदवारों में शिक्षक और स्नातक दोनों निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। जन सुराज की ओर से घोषित उम्मीदवारों में दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एसपी राय, दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से रवींद्र यादव, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से अफाक अहमद, पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से दिव्या ज्योति और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से रजनीश रंजन को उम्मीदवार बनाया गया है।
जन सुराज ने आठों सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। बिहार विधान परिषद की जिन आठ सीटों पर चुनाव होना है, उनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र हैं। मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल नवंबर में समाप्त होना है।
MLC चुनाव से पहले राजनीतिक दलों के भीतर भी उम्मीदवारों को लेकर गतिविधियां बढ़ी हैं। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मोकामा विधायक अनंत सिंह के अनुज सिंह को समर्थन देने की खबर सामने आई है। इस सीट से जदयू के नीरज कुमार लगातार तीन बार निर्वाचित हुए हैं।
वहीं, महागठबंधन में भी सीटों और उम्मीदवारों को लेकर मतभेद की खबरें सामने आई हैं। हालिया रिपोर्टों के अनुसार, कांग्रेस ने दरभंगा सीट को लेकर असहमति जताई है, जबकि गठबंधन के अन्य घटक दलों की ओर से भी अलग-अलग उम्मीदवारों की घोषणा की गई है।





