1st Bihar Published by: 13 Updated Sep 11, 2019, 2:06:39 PM
- फ़ोटो
PATNA : कुख्यात विवेका पहलवान के गुर्गे चंदन और विक्की की गिरफ्तारी के बाद कई सवालों का जवाब मिलना बाकी है। एके-47 लहराने वाला वीडियो 29 अगस्त को सामने आया था जिसके अगले दिन ही विवेका के गुर्गे चंदन ने अपनी सफाई में एक नया वीडियो रिलीज करते हुए यह दावा किया था कि दरअसल वायरल वीडियो में जो एके-47 उसकी हाथों में दिख रहा है वह असली की बजाय प्लास्टिक का खिलौना है। अपने गुर्गों को को बचाने के लिए कुख्यात विवेका पहलवान ने भी बार-बार बयान बदले। अनंत सिंह पर सख्त रवैया अपनाने वाली पुलिस की कार्यशैली पर जब सवाल खड़े होने लगे तो विवेका पहलवान सहित भोला सिंह के ठिकानों पर चंदन और विक्की की तलाश में छापेमारी की गई। 12 दिन की फरारी और फिर मोकामा से ही गिरफ्तारी? पुलिस से भागते फिर रहे बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने दिल्ली के साकेत कोर्ट में जाकर सरेंडर किया था। उनके खिलाफ एके-47 बरामदगी का मामला पुलिस ने दर्ज किया था लेकिन एके-47 लहराने वाले वीडियो में दिख रहे चंदन और विक्की 12 दिनों तक पुलिस से बचते रहे और आखिरकार उनकी गिरफ्तारी मोकामा से ही हो गयी। विवेका पहलवान के गुर्गों ने इन 12 दिनों में पूरा होमवर्क किया होगा। इस बात की पूरी तैयारी की होगी कि कैसे वायरल वीडियो को झुठला दिया जाए। गिरफ्तारी से पहले उनकी इस फुलप्रूफ तैयारी में आखिर किसने मदद की? 12 दिनों तक चंदन और विक्की कहां छिपे रहे? क्योंकि बाढ़ से लेकर मोकामा तक के इलाके में पुलिस चप्पे-चप्पे में इन दोनों को तलाश चुकी थी। यह कई ऐसे सवाल हैं जिनका जवाब धीरे-धीरे सामने आएगा। https://youtu.be/7nelsoGWDuU क्या प्लास्टिक का AK-47 दिखाएंगे गुर्गे? चंदन और विक्की की गिरफ्तारी के बाद एक बड़ा सवाल यह भी है कि क्या विवेका पहलवान के यह दोनों गुर्गे प्लास्टिक का एके-47 दिखाएंगे? 29 अगस्त को वीडियो वायरल होने के बाद चंदन ने अगले दिन अपनी सफाई में जो बातें कही थी उसमें उसका दावा किया गया था कि विवेका के बेडरूम में जिन हथियारों के साथ वह देखे गए दरअसल प्लास्टिक का खिलौना था। यह सनसनीखेज वीडियो सामने आने के बाद अनंत सिंह के समर्थकों ने यह दावा किया था कि विक्की और चंदन पुलिस से इसलिए बचते फिर रहे हैं क्योंकि उनके पास प्लास्टिक का एके-47 मुहैया नहीं है। अनंत समर्थकों के मुताबिक वायरल वीडियो को झूठलाने के लिए विवेका पहलवान और उसके खेमे के लोग प्लास्टिक का हुबहू एके-47 बनवा रहे थे। अगर इन दावों को सही मान लिया जाए तो क्या वाकई ही चंदन और विक्की पुलिस को प्लास्टिक वाला एके-47 दिखाएंगे? पुलिस के खुलासे पर भी नजर चंदन और विक्की की गिरफ्तारी के बाद पुलिस कौन से खुलासे करती है इस पर भी सबकी नजरें टिकी हुई हैं। विवेका पहलवान के दोनों गुर्गों की गिरफ्तारी मोकामा से कैसे हुई? 12 दिनों तक यह दोनों कहां छिपे रहे? अगर यह बाढ़ और मोकामा में थे तो पुलिस इन तक क्यों नहीं पहुंच पाई? यह कई ऐसे सवाल है जिनसे पर्दा पुलिस की तरफ से आधिकारिक बयान जारी होने के बाद भी उठ पाएगा।