देश के 14वें उपराष्ट्रपति बने जगदीप धनखड़, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिलाई शपथ

देश के 14वें उपराष्ट्रपति बने जगदीप धनखड़, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिलाई शपथ

DESK: देश के 14वें उपराष्ट्रपति पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल जगदीप धनखड़ बन गये हैं। आज उन्होंने उपराष्ट्रपति पद की शपथ ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।


गौरतलब है कि जगदीप धनखड़ ने उपराष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा का पराजित किया था।  6 अगस्त को हुए उपराष्ट्रपति के चुनाव में एनडीए के उम्मीदवार जगदीप धनखड़ ने कुल 725 मतों में से 528 मतों के साथ जीत हासिल की थी। वहीं विपक्षी उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा को 182 वोट मिले थे जबकि 15 मत अवैध करार दिए गए थे। 


राष्ट्रपति भवन में आयोजित शपथग्रहण समारोह के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री समेत कई गणमान्य उपस्थित थे। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। अब जगदीप धनखड़ भारत के 14वें उपराष्ट्रपति बन गए हैं।


जगदीप धनखड़ राजस्थान के झुंझुनू के रहने वाले हैं। वे किसान फैमिली से आते हैं। उनके पिता गोकुल चंद्र धनखड़ भी किसान थे। जगदीप धनखड़ 1989 से राजनीति में हैं। धनखड़ पेशे से वकील भी है। लॉ की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने वकालत शुरू की थी। 1990 में राजस्थान हाईकोर्ट में वे वरीय अधिवक्ता भी रहे। यही नहीं उन्होंने हाईकोर्ट से लेकर देश की सुप्रीम कोर्ट में भी वकालत की प्रैक्टिस की। 


पहली बार जनता दल के टिकट पर झुंझुनू से सांसद बने। 1990 में चंद्र शेखर सरकार में उन्हें केंद्रीय मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गयी। 1993 से 98 तक जगदीप धनखड़ विधायक रहे। 20 जुलाई 2019 को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किये गये। उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए का उम्मीदवार बनाए जाने के बाद उन्होंने राज्यपाल के पद से इस्तीफा दे दिया था। उपराष्ट्रपति का चुनाव जीतने के बाद आज उन्होंने पद और गोपनीयता की शपथ ली। राष्ट्रपति भवन में आयोजित शपथग्रहण समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शपथ दिलायी।