1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 14, 2023, 2:32:51 PM
- फ़ोटो
SAMSTIPUR : बिहार के समस्तीपुर एक सनसनीखेज मामला निकल कर सामने आया है। यहां एक शादी समारोह में बिन बुलाए बारातियों ने जमकर हंगामा मचाया है। लड़की वालों से हुए विवाद के बाद दुल्हन के चाचा की पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह पूरा मामला कल्याणपुर थाना इलाके के रामपुरा हाट के पास का बताया जा रहा है। जहां मुजफ्फरपुर जिले से आई बारात में कुछ युवक नाचते हुए हुड़दंग करने लगे। इन्हीं बातों को लेकर जब लड़की वालों ने टोका तो उन्होंने बारात की गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी। फिर दोनों पक्षों में हुई मारपीट में दुल्हन के चाचा की मौत हो गई।
वहीं, इस घटना में मृतक की पहचान रामपुरा गांव निवासी 40 वर्षीय नारायण महतो के रूप में हुई है। ये दुल्हन का चाचा बताए जा रहे हैं। इस घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने रामपुरा में शुक्रवार सुबह समस्तीपुर दरभंगा रोड को जाम कर दिया। वे हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। इस घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि समस्तीपुर जिले के रामपुरा गांव में मुजफ्फरपुर के चिकनौटा से बारात आई थी। यहां कल्याणपुर चौक के कुछ युवक डांस करते हुए लड़की वालों के गेट तक चले गए। बारात में उन युवकों को डांस करते देख लड़की के परिवार वालों के साथ गांव के लोगों ने ऐतराज जताया। उन्होंने यह कहते हुए जाने को कहा कि बिन बुलाए क्यों आ गए हो। उसे बाद अचानक कुछ युवक टोली में पहुंचे और बारात की गाड़ी में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसपर गांव के लोग भी युवकों पर टूट पड़े। उसी दौरान बीच बचाव करने पहुंचे लड़की के चाचा को उपद्रवी लड़कों ने पकड़कर ईंट से प्रहार शुरू कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इससे शादी का माहौल गम में बदल गया।