1st Bihar Published by: Pranay Raj Updated Sep 15, 2020, 1:24:36 PM
- फ़ोटो
NALANDA : आठ सूत्री मांगों को लेकर 102 एम्बुलेंस कर्मी अपने-अपने वाहनों को सदर अस्पताल परिसर में खड़ा कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं. 102 एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय ने कहा कि कोरोना काल में अपनी जान जोखिम में डालकर दिन-रात लोगों की सेवा में लगे रहे, प्रोत्साहन राशि तो दूर वेतन वृद्धि तक की मांग को नहीं मानी गयी, इससे चालकों में आक्रोश है.
उन्होनें कहा कि न्याय संगत मांग अगर पूरी नहीं होती है तो 102 एम्बुलेंस कर्मी राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल में कदम पीछे नहीं खींचेगी. हम सरकार से मांग करते हैं कि कोविड-19 के दौर में 8 घंटे की जगह जो 12 घंटे काम लिए गए हैं उसका अतिरिक्त भुगतान किया जाए और 1 महीने की प्रोत्साहन राशि दी जाए साथ ही श्रम कानून का भी पालन करवाया जाए.
कर्मचारी संघ ने मांगे नहीं माने जाने पर नालंदा से निकलकर पटना तक जाने की बात कही है. उन्होंने कहा कि अगर समय रहते सरकार हमारी बातों पर ध्यान नहीं देती है तो आगामी चुनाव में बिहार सरकार को इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा. कर्मियों के हड़ताल पर चले जाने से प्रसव समेत अन्य मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.