DESK: बॉलीवुड एक्ट्रेस मलाइका अरोड़ा ने भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव के एक वायरल वीडियो पर नाराजगी जताते हुए उन्हें वाहियात और बेवकूफ बताया। दरअसल एक फोटोशूट के दौरान एक आवारा कुत्ते को जिस तरह वहां से हटाया गया, उसे देखकर मलाइका गुस्सा हो गयी और सोशल मीडिया पर कड़ी प्रतिक्रिया दे दी। उन्होंने ना सिर्फ इस घटना की आलोचना की, बल्कि खेसारी लाल यादव पर भी सवाल उठाए।
दरअसल, हाल ही में खेसारी लाल यादव एक इवेंट में शामिल हुए थे। जब वह फोटो खिंचवाने के लिए बैकड्रॉप के सामने पहुंचे, तब वहां एक आवारा कुत्ता बैठा हुआ था। इसके बाद आयोजन स्थल पर मौजूद टीम के कुछ लोगों ने कुत्ते को बेरहमी से घसीटते हुए वहां से हटा दिया। इस दौरान खेसारी लाल यादव वहीं खड़े रहे और कुत्ते को हटाए जाने के बाद कैमरे के सामने पोज देने लगे।
यह पूरा वाक्या कैमरे में कैद हो गया और देखते ही देखते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो को देखते ही मलाइका अरोड़ा ने इसे अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर करते हुए यह लिख दिया कि "ये लोग कौन हैं और ये आदमी कौन है जो खड़ा होकर पोज दे रहा है? वाहियात।"
यही नहीं, मलाइका ने वीडियो पर दो अलग-अलग कमेंट भी किए। पहले कमेंट में उन्होंने लिखा, "वाहियात।" वहीं दूसरे कमेंट में उन्होंने कहा, "ये बेवकूफ कौन है? क्या इसके लिए पोज देना इतना जरूरी था?" मलाइका की इस प्रतिक्रिया के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। कई यूजर्स ने खेसारी लाल यादव का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने स्वयं कुत्ते के साथ कोई दुर्व्यवहार नहीं किया, बल्कि यह हरकत इवेंट की टीम ने की थी। वहीं कुछ लोगों ने मलाइका अरोड़ा का समर्थन किया और पशुओं के साथ संवेदनशील व्यवहार की अपील की। दूसरी ओर, कई यूजर्स ने मलाइका को भी ट्रोल करते हुए कहा कि उन्होंने पूरी घटना जाने बिना प्रतिक्रिया दे दी। सोशल मीडिया पर लोग मलाइका को खेसारी लाल यादव के बारे में बता रहे हैं।
खेसारी लाल के बारे में बता दें कि वो भोजपुरी फिल्मों के सुपर स्टार हैं, वो एक अच्छे सिंगर भी हैं, जिनके गाये हुए गाने आज भोजपुरी सुनने वालों के बीच धूम मचा रहे हैं। कोई भी शादी-वियाह हो या फिर खुशी का अन्य मौका खेसारी लाल और पवन सिंह का भोजपुरी गाना जरूर लोग बजाते हैं। खेसारी लाल यादव भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के सबसे लोकप्रिय और सफल कलाकारों में गिने जाते हैं। उन्होंने वर्ष 2011 में फिल्म 'साजन चले ससुराल' से भोजपुरी सिनेमा में कदम रखा और पहली ही फिल्म से स्टार बन गए।
खेसारी लाल यादव अब तक वह 100 से अधिक भोजपुरी फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं। अभिनय के साथ-साथ वह एक लोकप्रिय गायक भी हैं और उनके कई गाने करोड़ों बार देखे और सुने जा चुके हैं। खेसारी लाल यादव ने सलमान खान द्वारा होस्ट किए गए रियलिटी शो 'बिग बॉस 13' में भी हिस्सा लिया था, जिससे उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली। अभिनय और गायन के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें कई पुरस्कार मिल चुके हैं। आज वह भोजपुरी मनोरंजन जगत के सबसे अधिक फीस लेने वाले और सबसे प्रभावशाली कलाकारों में शुमार हैं। सोशल मीडिया पर भी उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है। खेसारी लाल का वीडियो और ऑडियो सांग यूट्यूब पर बहुत देखा और सुना जाता है। फैंस का कहना है कि खेसारी भईया को कौन नहीं जानता? फिर भी मलाइका अरोड़ा कह रही हैं कि यह व्यक्ति कौन है?





