DESK:फिल्म स्टार सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की बहुप्रतीक्षित सुपरनैचुरल हॉरर-थ्रिलर फिल्म ‘द वन’ 25 सितंबर को रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म के 9 दिन पहले ट्रेलर 16 सितंबर को जारी कर दिया गया है। ट्रेलर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
भारतीय लोक कथाओं और अंधविश्वास की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म हॉरर, फैंटेसी और सस्पेंस का मिश्रण नजर आ रही है। इस फिल्म के रिलीज होने का इंतजार खासतौर पर बिहार के लोग कर रहे हैं, क्योंकि इसमें लोक आस्था का महापर्व छठ की झलक देखने को मिलेगी। छठ महापर्व हरेक बिहारवासियों के लिए खास महत्व रखता है, इसलिए इस फिल्म के रिलीज होने का इंतजार लोग कर रहे हैं।
ट्रेलर की शुरुआत एक घने और रहस्यमयी जंगल से होती है, जहां जाने पर पाबंदी है। कहानी भारतीय लोककथाओं और अंधविश्वास के इर्द-गिर्द घूमती है। ट्रेलर में काली शक्तियों के साये के साथ देवी के रहस्यमयी स्वरूप की झलक भी दिखाई गई है।
सिद्धार्थ मल्होत्रा फिल्म में ऐसे किरदार में नजर आ रहे हैं, जो जंगल में हो रही रहस्यमयी घटनाओं का सच जानने की कोशिश करता है। बताया जाता है कि इस जंगल में जाने वाला कोई भी व्यक्ति वापस नहीं लौटा है। ऐसे में सिद्धार्थ का किरदार किस तरह इस रहस्य का सामना करता है, यही फिल्म की कहानी का अहम हिस्सा है।
तमन्ना का अलग अंदाज, छठ पूजा की झलक
तमन्ना भाटिया का लुक भी फिल्म में काफी अलग नजर आ रहा है। ट्रेलर में छठ पूजा से जुड़ा एक सीन भी दिखाई देता है, जिसमें पूर्वांचल और बिहार की संस्कृति की झलक देखने को मिलती है। इसके अलावा सुनील ग्रोवर, श्वेता तिवारी और मनीष पॉल भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।
‘पंचायत’ फेम दीपक कुमार मिश्रा का निर्देशन
फिल्म का निर्देशन ‘पंचायत’ जैसी चर्चित वेब सीरीज से जुड़े निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। ‘द वन’ को बालाजी मोशन पिक्चर्स और द वायरल फीवर के बैनर तले बनाया गया है। फिल्म में फोकलोर-फैंटेसी के साथ हॉरर और थ्रिलर का मेल देखने को मिलेगा। ट्रेलर में फिल्म के विजुअल्स, बैकग्राउंड म्यूजिक और सस्पेंस को खास तवज्जो दी गई है। फिल्म की कहानी और रहस्यमयी माहौल को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है।
25 सितंबर को रिलीज होगी फिल्म
‘द वन’ 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ट्रेलर रिलीज के बाद सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया के फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। सिद्धार्थ का हॉरर-थ्रिलर अवतार उनके पिछले किरदारों से अलग नजर आ रहा है।






