DESK: नवरात्र के मौके पर बाबा बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपने एक बयान को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने गरबा पंडालों में प्रवेश से पहले लोगों को गौमूत्र पिलाने की सलाह दी है। इसके साथ ही उन्होंने बेटियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे दुर्गा और काली बनें, लेकिन बुर्के वाली न बनें। धीरेंद्र शास्त्री का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
गरबा पंडालों में गौमूत्र पिलाने की सलाह
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि नवरात्र के दौरान गरबा कार्यक्रमों में कुछ लोग अपनी पहचान छिपाकर आ सकते हैं। उन्होंने आशंका जताई कि कुछ लोग नाम और भेष बदलकर गरबा पंडालों में प्रवेश कर सकते हैं। इसी बात का जिक्र करते हुए उन्होंने सुझाव दिया कि गरबा पंडालों के बाहर लोगों को गौमूत्र पिलाकर प्रवेश दिया जाए। उनके इस बयान की सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही है।
बेटियों को लेकर भी दिया बयान
अपने संबोधन के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने वहां मौजूद महिलाओं और बेटियों से हाथ उठाने को कहा। इसके बाद उन्होंने कहा, 'बेटियों, दुर्गा बनना, काली बनना, पर कभी न बुर्के वाली बनना।' उनका यह बयान भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
इंस्टाग्राम इस्तेमाल करने वालों को दी सलाह
धीरेंद्र शास्त्री ने युवाओं को सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि इंस्टाग्राम पर किसी व्यक्ति की तस्वीर सुंदर होने का मतलब यह नहीं है कि उसका चरित्र भी अच्छा होगा। उन्होंने युवाओं से कहा कि जीवनसाथी चुनते समय सिर्फ सुंदरता नहीं, बल्कि समझदारी को भी महत्व देना चाहिए।
महिलाओं से अकेले बागेश्वर धाम नहीं आने की अपील
इससे पहले भी धीरेंद्र शास्त्री महिलाओं को लेकर दिए गए अपने बयान के कारण चर्चा में रहे थे। उन्होंने बागेश्वर धाम आने वाली महिलाओं से अपील की थी कि वे अकेले न आएं। अगर अकेले आती हैं, तो किसी अनजान व्यक्ति या धाम के सेवादार पर आंख बंद करके भरोसा न करें। उन्होंने महिलाओं को ज्यादा दिनों तक वहां न ठहरने की सलाह भी दी थी। फिलहाल, गरबा में गौमूत्र पिलाने और बुर्के को लेकर दिया गया उनका बयान सोशल मीडिया पर चर्चा में है।





