DESK: गर्मी के मौसम में लोग तेज धूप, लू और बढ़ते तापमान से बचने के लिए एयर कंडीशनर (AC)का सहारा लेते हैं। घर, ऑफिस की बात छोड़िये लोग अपनी गाड़ियों में भी लंबे समय तक AC का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि लगातार एयर कंडीशनर की ठंडी हवा में रहने का असर आपकी त्वचा पर भी पड़ सकता है?
विशेषज्ञों के अनुसार, लंबे समय तक AC वाले वातावरण में रहने से त्वचा में नमी की कमी हो सकती है, जिससे रूखापन, खुजली और त्वचा का बेजान होना जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि एयर कंडीशनर कमरे की नमी को कम कर देता है। कम आर्द्रता (लो ह्यूमिडिटी) वाले वातावरण में रहने से त्वचा अपनी प्राकृतिक नमी खोने लगती है। इसका सबसे ज्यादा असर उन लोगों पर पड़ता है जिनकी त्वचा पहले से ही ड्राई होती है। रिसर्च में यह बात सामने आई है कि लंबे समय तक एयर कंडीशनर वाले वातावरण में रहने से त्वचा में रूखापन बढ़ सकता है। इसके अलावा शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन की समस्या भी हो सकती है।
AC में ज्यादा रहने की आदत बन सकती है नुकसानदायक
भीषण गर्मी के दौरान कई लोग दिनभर AC वाले कमरे में रहना पसंद करते हैं। धीरे-धीरे यह आदत बन जाती है और लोग बिना AC के असहज महसूस करने लगते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार AC में रहने से केवल त्वचा ही नहीं, बल्कि मांसपेशियों और हड्डियों पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
त्वचा को कैसे रखें सुरक्षित?
यदि आप लंबे समय तक AC में रहते हैं, तो शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है। दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और ऐसे फल एवं सब्जियों का सेवन करें जिनमें पानी की मात्रा अधिक हो, जैसे तरबूज, खीरा, खरबूजा और संतरा का सेवन करें।
मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल करें
त्वचा में रूखापन महसूस होने पर अच्छे मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल करें। ग्लिसरीन या बटर बेस्ड मॉइस्चराइजर त्वचा की नमी बनाए रखने में मदद कर सकते हैं।
एलोवेरा का करें उपयोग
एलोवेरा त्वचा को प्राकृतिक रूप से मॉइस्चराइज करने का अच्छा माध्यम माना जाता है। यह त्वचा को ठंडक पहुंचाने के साथ-साथ खुजली और जलन जैसी समस्याओं से भी राहत दिला सकता है।
ह्यूमिडिफायर का इस्तेमाल करें
विशेषज्ञों के अनुसार, AC वाले कमरे में ह्यूमिडिफायर का उपयोग करने से वातावरण में नमी बनी रहती है, जिससे त्वचा को अत्यधिक रूखा होने से बचाया जा सकता है।
सूती और ढीले कपड़े पहनें
गर्मी के मौसम में सूती और हल्के कपड़े पहनना बेहतर माना जाता है। इससे शरीर को आराम मिलता है और त्वचा पर गर्मी का प्रभाव कम पड़ता है।
क्या कमरे में पानी का गिलास रखना फायदेमंद है?
सोशल मीडिया पर अक्सर यह दावा किया जाता है कि AC वाले कमरे में पानी से भरा गिलास रखने से कमरे की नमी बनी रहती है और त्वचा को नुकसान कम होता है। हालांकि यह उपाय सीमित स्तर पर ही मदद कर सकता है। बेहतर परिणाम के लिए ह्यूमिडिफायर का इस्तेमाल अधिक प्रभावी माना जाता है।




