Bihar Crime News: सीतामढ़ी जिले में दिवाली के दिन खुशियों के बीच हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मेजरगंज थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में रविवार को चाकूबाजी और गोलीबारी की घटना में सोनू पटेल की हत्या कर दी गई। वहीं, गोली लगने से दिवेंद्र पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
इस हत्याकांड में नया मोड़ तब आया, जब मृतक सोनू पटेल का पुराना आपराधिक इतिहास सामने आया। मिली जानकारी के अनुसार, सोनू पटेल के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे। वह महज 10 दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था।
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, सोनू पटेल लंबे समय से शराब और गांजा के अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ था। आरोप है कि वह इलाके में इन नशीले पदार्थों की सप्लाई करता था। वहीं, मृतक के पिता के खिलाफ भी पूर्व में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होने की बात सामने आई है।
घटना के बाद पुलिस हत्या के पीछे की वजह तलाशने में जुटी है। शुरुआती तौर पर अवैध कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई और पुरानी रंजिश समेत कई संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। हालांकि, हत्या की असली वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
दिवाली के दिन हुई इस खूनी वारदात ने इलाके की खुशियों को मातम में बदल दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और घायल दिवेंद्र पटेल को इलाज के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल में लाया गया जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया है।





