MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर जिले के कथैया थाना क्षेत्र से सामने आए नाबालिग बच्ची के अपहरण के मामले की जांच के दौरान पुलिस ने अवैध देह व्यापार से जुड़े अंतरजिला गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, दो नाबालिग बच्चियों को भी बरामद कर सुरक्षित उनके चंगुल से मुक्त कराया गया है।
मामले में नाबालिग बच्ची के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मुजफ्फरपुर पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया था। तकनीकी अनुसंधान और मिले इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने पटना के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान अपहृत नाबालिग बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया।
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस के सामने कथित तौर पर अवैध देह व्यापार से जुड़े एक बड़े नेटवर्क की जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार, बच्चियों को बंधक बनाकर देह व्यापार में धकेले जाने की बात सामने आई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक अन्य नाबालिग बच्ची को भी बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वैशाली थाना क्षेत्र के बिठ्ठू कुमार, कांटी थाना क्षेत्र की शमीता कुमारी, पटना के दीघा थाना क्षेत्र के सुजीत कुमार, रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के गिरिजा यादव, मुजफ्फरपुर सदर थाना क्षेत्र की अनीता कुमारी, पारू थाना क्षेत्र के आशीष कुमार और हथौड़ी थाना क्षेत्र के भूषण झा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मामले में मकान मालिक गिरिजा यादव की भूमिका भी सामने आई है। वहीं, एक अन्य मकान मालिक के फरार होने की बात कही गई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पूरे मामले की जानकारी मुजफ्फरपुर के SSP कांतेश कुमार मिश्र ने प्रेसवार्ता के दौरान दी। इस दौरान ग्रामीण SP राजेश सिंह प्रभाकर और पश्चिमी DSP-1 सुचित्रा कुमारी भी मौजूद रहीं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।





