Bihar Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर में अपराधियों ने देर रात पूर्व वार्ड पार्षद के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। घटना सिकंदरपुर थाना क्षेत्र की है, जहां वार्ड संख्या 17 के पूर्व पार्षद अभिषेक सिंह के आवास को बाइक सवार दो बदमाशों ने निशाना बनाया। देर रात करीब एक बजे हुई इस घटना के बाद परिवार के लोग दहशत में हैं।
जानकारी के मुताबिक, देर रात करीब एक बजे बाइक पर सवार दो बदमाश पूर्व वार्ड पार्षद अभिषेक सिंह के घर पहुंचे और उनके आवास को निशाना बनाकर कई राउंड गोलियां चलाईं। फायरिंग करने के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद पूर्व पार्षद का परिवार भयभीत है।
गोलीबारी की सूचना मिलने पर सिकंदरपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस ने दो खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए टाउन-1 के एसडीपीओ सुरेश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए बाइक सवार दोनों बदमाशों की पहचान करने और उनके फरार होने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पूर्व वार्ड पार्षद अभिषेक सिंह ने आशंका जताई है कि पुराने विवाद के कारण उनके घर पर गोलीबारी की गई। हालांकि, पुलिस ने अभी तक घटना के पीछे की वजह की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी हैं।





