MUNGER: बिहार में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुंगेर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले के तारापुर अनुमंडल क्षेत्र में पुलिस ने स्मैक की खरीद-बिक्री और सेवन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 12.90 ग्राम स्मैक, छह मोबाइल फोन और नशीले पदार्थों की पुड़िया बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, तारापुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि फजेलीगंज पोखर के समीप स्थित एक झोपड़ी में कुछ लोगों द्वारा स्मैक की खरीद-बिक्री और सेवन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही तारापुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार देवेंद्र के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस ने चिन्हित ठिकाने पर अचानक छापेमारी की।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पुलिस जवानों ने घेराबंदी कर आठ लोगों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 12.90 ग्राम स्मैक बरामद की गई। इसके अलावा छह मोबाइल फोन और स्मैक को छोटी-छोटी पुड़िया में पैक करने में इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक सहित अन्य सामग्री भी जब्त की गई।
पुलिस अब जब्त मोबाइल फोन की जांच कर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि स्मैक की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन-किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था।
इस मामले में गिरफ्तार सभी आठ आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को तारापुर क्षेत्र में सूखा नशा के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
मुंगेर से इम्तियाज खान की रिपोर्ट





