Bihar Crime News: मोतिहारी में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने विभिन्न गंभीर आपराधिक मामलों में फरार चल रहे 125 वांछित अभियुक्तों पर कुल 6 लाख 54 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।
इन अपराधियों में हत्या, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, अपहरण, दुष्कर्म, शराब और स्पिरिट तस्करी समेत कई गंभीर मामलों के आरोपी शामिल हैं। पुलिस की ओर से जारी सूची में हत्या के 19, आर्म्स एक्ट के 15, लूट के 14 और एनडीपीएस एक्ट के 10 आरोपी शामिल हैं।
वहीं, उत्पाद अधिनियम के तहत 32 फरार अभियुक्तों पर भी इनाम घोषित किया गया है। पुलिस ने सभी वांछित अभियुक्तों को सात दिनों के भीतर न्यायालय में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है। निर्धारित समय सीमा में सरेंडर नहीं करने पर उनकी संपत्ति की कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने आम लोगों से फरार अपराधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की है। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। इसके लिए पुलिस अधीक्षक का मोबाइल नंबर 90318 27100 जारी किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी




