KATIHAR:बिहार के कटिहार जिले में रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां सालमारी थाना क्षेत्र के हरलगा गांव में 12 साल की मासूम बच्ची पर ज्वलनशील पदार्थ फेंके जाने का मामला सामने आया है। जब बच्ची घर में सोई हुई थी, तभी खिड़की से एसिड जैसा ज्वलनशील पदार्थ उसके शरीर पर फेंका गया। जिससे बच्ची चीखने और चिल्लाने लगी। बच्ची झुलसकर गंभीर रूप से घायल हो गयी। उसे बचाने की कोशिश में पिता का हाथ भी जल गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, हरलगा गांव निवासी अशरफुल हक की 12 वर्षीय बेटी रात में कमरे के अंदर सोई हुई थी। कमरे की खिड़की खुली थी, जिसका फायदा उठाकर किसी अज्ञात शख्स ने उस पर कोई ज्वलनशील तरल पदार्थ फेंक दिया। केमिकल गिरते ही असहनीय जलन से वो तड़पने लगी। चीख चीख कर रोने और चिल्लाने लगी। उसकी हालत को देखकर परिजन भी काफी घबरा गये।
उसे बचाने के लिए पिता कमरे की ओर दौड़े और बेटी को गोद में उठाया, लेकिन केमिकल का असर इतना घातक था कि बच्ची को गोद में उठाते ही पिता का हाथ भी बुरी तरह झुलस गया। आनन-फानन में बच्ची को पिता बारसोई अनुमंडलीय अस्पताल ले गये, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। घटना को देखकर स्थानीय लोगों ने बताया कि यह एसिड अटैक है। हालांकि, केमिकल एसिड था या कोई दूसरा घातक पदार्थ, इसका खुलासा जांच रिपोर्ट के आने के बाद ही पता चल पाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही सालमारी थानाध्यक्ष कुमारी जूली दलबल के साथ हरलगा गांव पहुंचीं और मामले की छानबीन शुरू की। वही फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया। जिसने घटनास्थल से केमिकल के सैंपल को लिया और जांच के लिए लैब में भेजा। पुलिस रिपोर्ट के आने का इंतजार कर रही है। पुलिस का कहना है कि जिस किसी ने भी यह कांड किया है कि किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
घटना को लेकर इलाके में भारी आक्रोश है। समाजसेवी साहिर सरवर ने प्रशासन के ढीले रवैये पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि अपराधियों का दुस्साहस इस हद तक बढ़ चुका है कि अब गांव-देहात के घरों में सोई बच्चियां भी महफूज नहीं हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की 24 घंटे के अंदर जांच पूरी कर दोषियों को बेनकाब किया जाए और सलाखों के पीछे पहुंचाया जाए। इस घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। इस घटना के बाद से लोग अपने-अपने घर के खिड़की और दरवाजे को बंद करके सो रहे हैं। गांव के लोगों में इस वारदात के बाद दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।





