1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Mar 28, 2026, 5:41:30 PM
- फ़ोटो Reporter
Panorama Star 2026: सुपौल के छातापुर प्रखंड स्थित होटल बंधन में पनोरमा स्टार–2026 का भव्य एवं विधिवत शुभारंभ पनोरमा ग्रुप के चेयरमैन संजीव मिश्रा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पनोरमा पब्लिक स्कूल के बच्चों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक स्वागत नृत्य से हुई, जिसने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया और पूरे माहौल को उत्साह व ऊर्जा से भर दिया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में चेयरमैन संजीव मिश्रा ने कहा कि पनोरमा स्टार कार्यक्रम पिछले आठ वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है और इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, जहां वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने बताया कि इस वर्ष कार्यक्रम को छातापुर में आयोजित करने के पीछे विशेष सोच यह रही कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले प्रतिभाशाली बच्चों को भी बड़े मंच तक पहुंचने का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि गांवों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बल्कि जरूरत है सही मंच और मार्गदर्शन की।
संजीव मिश्रा ने कहा कि पनोरमा समूह का संकल्प “सुंदर, शिक्षित और समृद्ध छातापुर” को साकार करना है, और यह कार्यक्रम उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि इस बार पनोरमा स्टार में विशेष रूप से छातापुर के स्थानीय बच्चों को प्राथमिकता दी गई है, ताकि वे अपने ही क्षेत्र में अपनी कला का प्रदर्शन कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें। हालांकि, पूर्व वर्षों में इस कार्यक्रम में विभिन्न जिलों के प्रतिभागी शामिल होते रहे हैं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि आगामी वर्षों में इस कार्यक्रम का विस्तार और अधिक बड़े स्तर पर किया जाएगा तथा विभिन्न अन्य विधाओं को भी इसमें शामिल किया जाएगा।
कार्यक्रम के दूसरे दिन, 29 मार्च को बॉलीवुड अभिनेता चंकी पांडे और चर्चित कॉमेडी स्टार राज सोनी अपनी विशेष प्रस्तुति से कार्यक्रम में चार चांद लगाएंगे और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेंगे। कार्यक्रम का समापन रविवार को होगा, जिसे लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
इस दौरान पनोरमा स्टार के तहत नृत्य, गायन एवं ड्रॉइंग प्रतियोगिताओं के लिए ऑडिशन भी आयोजित किए गए। कार्यक्रम के जज अमित कुंवर, चांदनी शुक्ला और जूही ने जानकारी दी कि प्रत्येक विधा से 10-10 प्रतिभागियों का चयन किया गया है। चयनित प्रतिभागी 29 मार्च को मुख्य मंच पर अपनी प्रस्तुति देंगे और बॉलीवुड कलाकारों के हाथों सम्मानित किए जाएंगे, जो उनके लिए एक यादगार क्षण होगा।
इसी क्रम में रामपुर स्थित पनोरमा पब्लिक स्कूल का छठा वार्षिकोत्सव भी 29 मार्च को इसी मंच पर मनाया जाएगा। विद्यालय के प्राचार्य अरुण कुमार थापा ने बताया कि वार्षिकोत्सव को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय न केवल शैक्षणिक गतिविधियों पर बल देता है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रत्येक वर्ष टैलेंट हंट जैसे कार्यक्रमों का भी आयोजन करता है। इस वर्ष भी विद्यालय के कई विद्यार्थियों ने पनोरमा स्टार के लिए चयनित होकर स्कूल का नाम गौरवान्वित किया है।
कार्यक्रम के अंत में चेयरमैन संजीव मिश्रा ने छातापुर के स्थानीय लोगों, अभिभावकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी के सहयोग और सहभागिता से ही इस प्रकार के आयोजन सफल हो पाते हैं। उन्होंने सभी से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर बच्चों का उत्साहवर्धन करने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन विकास कुमार ने किया।
