Bank Holiday Saturday: सोशल मीडिया पर सरकारी बैंकों की छुट्टी को लेकर एक कथित गजट नोटिफिकेशन तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल दस्तावेज में दावा किया जा रहा है कि अब SBI समेत सभी सरकारी बैंक हर शनिवार बंद रहेंगे। इस दावे के बाद बैंक ग्राहकों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है।
हालांकि, प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) की फैक्ट चेक टीम ने इस दावे को फर्जी बताया है। PIB के मुताबिक, केंद्र सरकार या वित्त मंत्रालय की ओर से सरकारी बैंकों में हर शनिवार अवकाश को लेकर ऐसा कोई आदेश या गजट नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है।
वायरल हो रहा दस्तावेज देखने में सरकारी आदेश जैसा दिखाई देता है। इसमें केंद्र सरकार और वित्त मंत्रालय का नाम इस्तेमाल करते हुए दावा किया गया है कि SBI समेत देश के सभी सरकारी बैंकों में अब हर शनिवार को कामकाज बंद रहेगा और इसे सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया गया है।
इस दावे को कई लोग सही मानकर सोशल मीडिया पर शेयर और फॉरवर्ड कर रहे हैं। इससे बैंक ग्राहकों के बीच शनिवार को बैंक खुलने या बंद रहने को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। मामला सामने आने के बाद PIB फैक्ट चेक टीम ने वायरल दावे की जांच की। जांच के बाद PIB ने स्पष्ट किया कि सरकार या वित्त मंत्रालय ने बैंकों में हर शनिवार छुट्टी को लेकर ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया है।
इसलिए सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित गजट नोटिफिकेशन पर भरोसा करने से पहले आधिकारिक स्रोतों से जानकारी की पुष्टि करना जरूरी है। बैंकों में शनिवार की छुट्टी को लेकर मौजूदा व्यवस्था के अनुसार हर शनिवार बैंक बंद नहीं रहते हैं। बैंकों में सामान्य तौर पर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहता है।
वहीं, यदि किसी महीने में पांच शनिवार पड़ते हैं, तो पहले, तीसरे और पांचवें शनिवार को बैंक सामान्य रूप से खुले रहते हैं। वायरल दावे के आधार पर इस व्यवस्था में फिलहाल कोई बदलाव नहीं हुआ है। बैंक की छुट्टी को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल किसी भी मैसेज या दस्तावेज पर सीधे भरोसा करने के बजाय संबंधित बैंक की आधिकारिक वेबसाइट, बैंक शाखा या अन्य आधिकारिक माध्यम से जानकारी की पुष्टि करनी चाहिए। इससे फर्जी खबरों के कारण होने वाली परेशानी से बचा जा सकता है।





