वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र में बिजली का तार चोरी करने का मामला सामने आया है. छह लाइन 67 पैया के पास ग्रामीणों ने दो युवकों को एल्युमिनियम कॉपर तार काटकर उसका कवर जलाते हुए पकड़ लिया. दोनों आरोपियों की पहचान मधुरापुर निवासी विकास कुमार और रोशन कुमार के रूप में हुई है. ग्रामीणों ने दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर 2026 को दिन के समय विकास कुमार और रोशन कुमार छह लाइन 67 पैया के ऊपर से एल्युमिनियम कॉपर तार काट रहे थे. तार काटने के बाद दोनों उसे पैया के नीचे ले जाकर उसका कवर जला रहे थे. इसी दौरान आसपास के ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ गई. ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर दोनों को पकड़ लिया.
दोनों को पकड़ने के बाद ग्रामीणों ने उनसे पूछताछ की. इस दौरान आरोपियों ने गांव में पहले हुई चोरी की कुछ घटनाओं के बारे में भी जानकारी दी और कथित तौर पर चोरी में शामिल अन्य लोगों के नाम बताए. ग्रामीणों के अनुसार, दोनों ने मौजूदा घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि उन्होंने दिन में ही बिजली का तार काटा था.
ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों को पुलिस के हवाले करने के साथ घटनास्थल से करीब 30 से 35 मीटर जला हुआ तार भी थाने को सौंपा है. ग्रामीणों को आशंका है कि दोनों युवक पहले भी गांव और आसपास के इलाकों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं.
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच कर रही है. पुलिस पूछताछ के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं और इसमें शामिल लोगों की जानकारी जुटा रही है.





