Train Route Change News: सितंबर में रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर है. पूर्व रेलवे के मुगमा स्टेशन पर रीमॉडलिंग का काम होने के कारण कई ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है. इनमें धनबाद-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस और शक्तिपुंज एक्सप्रेस भी शामिल हैं. कुछ ट्रेनों को तय रास्ते के बजाय दूसरे रूट से चलाया जाएगा.
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 13331 धनबाद-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस 24 से 27 सितंबर तक बदले हुए रूट से चलेगी. इन चार दिनों में यह ट्रेन धनबाद से गया होते हुए पटना जाएगी. इसी तरह ट्रेन संख्या 13332 पटना-धनबाद इंटरसिटी एक्सप्रेस भी 24 से 27 सितंबर तक पटना-गया-धनबाद के रास्ते चलेगी.
रूट में बदलाव के कारण इन चार दिनों में गया के यात्रियों को भी फायदा मिलेगा. पटना या धनबाद जाने वाले यात्री गया स्टेशन से इस ट्रेन में सफर कर सकेंगे.
शक्तिपुंज एक्सप्रेस भी बदले रूट से चलेगी
मुगमा स्टेशन पर चल रहे काम का असर ट्रेन संख्या 11447 जबलपुर-हावड़ा शक्तिपुंज एक्सप्रेस और 11448 हावड़ा-जबलपुर शक्तिपुंज एक्सप्रेस पर भी पड़ेगा. दोनों ट्रेनों को उनके सामान्य रूट के बजाय पतरातू, बरकाकाना, कोडरमा, महेशमुण्डा, मधुपुर और सीतारामपुर होकर चलाया जाएगा.
बदले हुए रूट के कारण इन ट्रेनों के सफर के समय में भी बदलाव हो सकता है. इसलिए सितंबर में इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा से पहले ट्रेन का रूट और समय जरूर जांच लेना चाहिए.
मुगमा स्टेशन पर रीमॉडलिंग का काम पूरा होने के बाद ट्रेनों का परिचालन फिर से सामान्य रूट से शुरू कर दिया जाएगा.





