ROHTAS: सासाराम में भाकपा माले के कार्यकर्ताओं ने आज समाहरणालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने समाहरणालय के मुख्य गेट को बंद कर धरना दिया। इस दौरान उन्होंने अभियान बसेरा-2 के तहत गरीबों को जमीन देने में गड़बड़ी का आरोप लगाया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पहले जिन गरीबों को पर्चा के माध्यम से जमीन आवंटित की गई है, उन्हें निर्धारित 5 डिसमिल जमीन की जगह मात्र 1 डिसमिल जमीन दी जा रही है। वहीं, पर्चाधारियों को उनकी जमीन पर अब तक कब्जा नहीं दिलाया जा रहा है।
भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कई जगहों पर दबंग लोग गरीबों की जमीन पर कब्जा कर बैठे हैं। उनका कहना है कि प्रशासन से लगातार शिकायत के बावजूद पर्चाधारियों को जमीन पर कब्जा दिलाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सासाराम के एडीएम पर भी कई गंभीर आरोप लगाए और मामले में कार्रवाई की मांग की। इस विरोध प्रदर्शन में अखिल भारतीय खेत मजदूर सभा समेत कई संगठनों के कार्यकर्ता शामिल हुए।





