SARAN: सारण जिले के खैरा थाना क्षेत्र में मोबाइल संचार टावर पर चढ़कर उसे क्षति पहुंचाने और संचार सेवाओं को बाधित करने के प्रयास के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवती को सुरक्षित नीचे उतारा और इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सारण द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 3 जून 2026 को खैरा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव स्थित एक निजी भूमि पर स्थापित मोबाइल टावर पर एक युवती प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश कर टावर के ऊपरी हिस्से पर चढ़ गई थी। इस घटना से सुरक्षा व्यवस्था और संचार सेवाओं पर संभावित खतरा उत्पन्न हो गया था। सूचना मिलते ही खैरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय प्रशासन तथा संबंधित एजेंसियों के सहयोग से बचाव अभियान शुरू किया गया। करीब चार से पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
बहकावे में आकर टावर पर चढ़ने की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि युवती संभवतः किसी के बहकावे में आकर टावर के प्रतिबंधित क्षेत्र में पहुंची थी। अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार की गतिविधि से मोबाइल टावर को नुकसान पहुंच सकता था, जिससे संचार सेवाएं प्रभावित होने के साथ-साथ संबंधित कंपनी को आर्थिक नुकसान भी हो सकता था। पुलिस ने बताया कि टावर पर चढ़ना युवती के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता था, क्योंकि ऊंचाई से गिरने या अन्य तकनीकी जोखिमों के कारण उसकी जान खतरे में पड़ सकती थी।
मामला दर्ज, जांच जारी
इस संबंध में खैरा थाना कांड संख्या 188/26 दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता या उकसावे की भूमिका सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना अपराध
सारण पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे मोबाइल टावर, बिजली प्रतिष्ठान, रेलवे संपत्ति, सरकारी भवन या अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक संरचनाओं पर न चढ़ें और न ही किसी को ऐसा करने के लिए प्रेरित करें। पुलिस ने कहा कि ऐसी गतिविधियां कानूनन अपराध हैं और इससे जनसुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता है।
पुलिस ने नागरिकों से आग्रह किया है कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए वैधानिक और शांतिपूर्ण रास्ता अपनाएं तथा अफवाह या उकसावे में आकर कानून हाथ में न लें। साथ ही सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी गतिविधियों की सूचना तत्काल स्थानीय थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को देने की अपील की गई है।
छपरा से पवन कुमार सिंह की रिपोर्ट






