Bihar Crime News: समस्तीपुर जिले के हलई थाना क्षेत्र के चकलालशाही गांव में आपसी विवाद के बाद एक पति पर अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा है. घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया. जिस समय यह वारदात हुई, उसी दौरान घर में मृतक के बच्चे की छठी का कार्यक्रम चल रहा था. समारोह में लोगों की भीड़ मौजूद होने के बावजूद किसी को गोली चलने की भनक तक नहीं लगी. बाद में घटना की जानकारी मिलने पर इलाके में हड़कंप मच गया और खुशियों का माहौल मातम में बदल गया.
मृतका की पहचान चकलालशाही गांव निवासी सूरज सहनी की 26 वर्षीय पत्नी मंजुला कुमारी के रूप में हुई है. मंजुला के तीन बच्चे हैं. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर जुट गए. परिजनों ने घायल मंजुला को इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलने के बाद हलई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, हत्या के कारणों की अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.
हलई थाने में तैनात एएसआई दिनेश साह ने बताया कि चकलालशाही गांव की मंजुला कुमारी को गोली लगने की सूचना मिली थी, जिससे उसकी मौत हो गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला के पति पर ही गोली मारने का आरोप है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
मृतका के भाई, जो वैशाली जिले के रहने वाले हैं, ने बताया कि मंजुला और उसके पति के बीच पहले से विवाद चल रहा था. भाई का आरोप है कि उसके पति ने पहले भी मंजुला को गोली मारने की धमकी दी थी. परिजनों का कहना है कि इसी विवाद के चलते यह घटना हुई है.
घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है. परिजनों ने पुलिस से आरोपी पति को जल्द गिरफ्तार करने और उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और घटना के कारणों की जांच कर रही है.
समस्तीपुर रमेश शंकर की रिपोर्ट





