ब्रेकिंग
Bihar MLC Election 2026 : ललन सिंह नीरज का नहीं करेंगे प्रचार! निशांत के साथ JDU के दूसरे कैंडिडेट के लिए मैदान में उतरेंगे...✦Bihar MLC Election 2026 : वोट आपका, पेन चुनाव आयोग का! पटना शिक्षक-स्नातक चुनाव में इस गलती से बचें, वरना बैलेट रद्द✦बिहार के वरिष्ठ IPS अफसर को केंद्र सरकार ने दी बड़ी जिम्मेदारी, RPF के DG पद पर हुई नियुक्ति ...✦Bihar Special Trains: त्योहार से पहले रेलवे का बड़ा तोहफा, बिहार के लिए चलेंगी 11 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें✦Bihar News : पूर्व कस्टम अधिकारी को गोलियों से भूना, अपराधियों ने जैन कॉलेज गेट के समीप आठ गोली मारकर किया छलनी✦ Bihar MLC Election 2026 : ललन सिंह नीरज का नहीं करेंगे प्रचार! निशांत के साथ JDU के दूसरे कैंडिडेट के लिए मैदान में उतरेंगे...✦Bihar MLC Election 2026 : वोट आपका, पेन चुनाव आयोग का! पटना शिक्षक-स्नातक चुनाव में इस गलती से बचें, वरना बैलेट रद्द✦बिहार के वरिष्ठ IPS अफसर को केंद्र सरकार ने दी बड़ी जिम्मेदारी, RPF के DG पद पर हुई नियुक्ति ...✦Bihar Special Trains: त्योहार से पहले रेलवे का बड़ा तोहफा, बिहार के लिए चलेंगी 11 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें✦Bihar News : पूर्व कस्टम अधिकारी को गोलियों से भूना, अपराधियों ने जैन कॉलेज गेट के समीप आठ गोली मारकर किया छलनी

कोटे में कोटा हमारा अधिकार है, बोले संतोष सुमन..किसी की धमकी से डरने वाले नहीं, हक लेकर रहेंगे

मोतिहारी में गरीब चौपाल यात्रा के दौरान जीतन राम मांझी ने आरक्षण में वर्गीकरण और गरीबों की राजनीतिक हिस्सेदारी की मांग दोहराई। संतोष सुमन ने कोटे में कोटा को अधिकार बताया।

बिहार न्यूज
“जिसकी जितनी संख्या, उसकी उतनी हिस्सेदारी”
© सोशल मीडिया
Jitendra Vidyarthi
6 मिनट

MOTIHARI: हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के तत्वावधान में चल रही ‘गरीब चौपाल यात्रा’ के तहत मोतिहारी के बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम में हजारों की संख्या में गरीब, वंचित एवं महादलित समाज के लोग शामिल हुए। पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारत सरकार के केंद्रीय एमएसएमई मंत्री जीतन राम मांझी तथा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री संतोष कुमार सुमन ने गरीब-वंचित समाज के अधिकार, सम्मान और राजनीतिक हिस्सेदारी की लड़ाई को और मजबूत करने का आह्वान किया।


जीतन राम मांझी ने कहा कि गरीब, वंचित और शोषित समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता है। संगठन के माध्यम से समाज को अपनी आवाज बुलंद करनी होगी। उन्होंने कहा कि आजादी के लगभग 80 वर्षों बाद भी यदि समाज के बड़े हिस्से को अपने अधिकार और उचित हिस्सेदारी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, तो इस पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सेपरेट इलेक्टोरल की मांग लंबे समय से लंबित है और इसे लागू किया जाना चाहिए। साथ ही, उन्होंने 1 अगस्त 2024 को सर्वोच्च न्यायालय द्वारा एससी-एसटी आरक्षण में वर्गीकरण के संबंध में दिए गए फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि जब कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और तमिलनाडु जैसे राज्यों में आरक्षण के भीतर वर्गीकरण की व्यवस्था लागू करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं, तो बिहार में इसे लागू करने में परेशानी क्या है? 


उन्होंने कहा कि आरक्षण का लाभ लेकर मजबूत और जागरूक हुए कुछ लोगों को आरक्षण में वर्गीकरण की बात से परेशानी हो सकती है, लेकिन उनकी लड़ाई उन 18 महादलित जातियों एवं अन्य वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए है, जिन्हें अब तक आरक्षण का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाया है। जब तक आरक्षण में वर्गीकरण के माध्यम से वंचित समाज को उसका उचित हिस्सा नहीं दिलाया जाता, तब तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी।


संतोष कुमार सुमन ने कहा कि “यह पार्टी आपकी पार्टी है और यह पार्टी आपकी आवाज है।” उन्होंने कहा कि हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा समाज के उस व्यक्ति की आवाज बनने का काम कर रहा है, जो सबसे नीचे खड़ा है और जिसकी आवाज सत्ता के गलियारों तक आसानी से नहीं पहुंचती। उन्होंने कहा कि गरीब समाज के बच्चों को अच्छी शिक्षा, रोजगार और सम्मान के साथ आगे बढ़ने का पूरा अधिकार है। गरीब समाज से विधायक और जनप्रतिनिधि बनने का अधिकार भी उतना ही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में “जिसकी जितनी संख्या, उसकी उतनी हिस्सेदारी” के सिद्धांत के आधार पर राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए।


संतोष सुमन ने दो टूक कहा, “कोटे में कोटा देना होगा, यह हमारा अधिकार है। हम किसी की धमकी से डरने वाले नहीं हैं। यह लड़ाई किसी के अधिकार को छीनने के लिए नहीं, बल्कि जो लोग वर्षों से आरक्षण के लाभ से वंचित हैं, उन्हें उनका उचित हक और हिस्सेदारी दिलाने के लिए है। हम अपने अधिकार की लड़ाई पूरी मजबूती और लोकतांत्रिक तरीके से लड़ेंगे और अपना हक लेकर रहेंगे।” उन्होंने कहा कि गरीब-वंचित समाज को अपनी संख्या को राजनीतिक ताकत में बदलना होगा और अब केवल वोट देने तक सीमित रहने के बजाय सत्ता एवं शासन में अपनी उचित हिस्सेदारी के लिए संगठित होना होगा।


उन्होंने कहा कि पार्टी गरीबों की समस्याओं को लेकर लगातार उनके बीच जाएगी। जिन लोगों ने अभी तक अपनी समस्याओं को लेकर आवेदन नहीं दिया है, वे आवेदन दें। पार्टी की टीम आवेदन एकत्र कर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएगी और जरूरत पड़ने पर अधिकारियों से बातचीत तथा पत्राचार भी करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-टोले तक पहुंचकर लोगों से संवाद करने और उन्हें पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया।


संतोष सुमन ने कहा कि चंपारण की यह ऐतिहासिक धरती महात्मा गांधी के संघर्ष की गवाह रही है और अब इसी धरती से गरीबों की राजनीतिक एकता और अधिकारों की नई आवाज बुलंद हो रही है। उन्होंने कहा, “समय बदल रहा है, गरीबों का समय आने वाला है। इसकी शुरुआत हो चुकी है। अब इस एकता को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाना है।”


उन्होंने कहा कि गरीब होना कमजोरी नहीं है। गरीब के पास वोट है, संख्या है और लोकतांत्रिक ताकत है। चुनाव में इसी ताकत का इस्तेमाल अपने अधिकार, सम्मान और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को ध्यान में रखकर करना होगा। उन्होंने लोगों से किसी दबाव, लालच या धमकी से प्रभावित हुए बिना लोकतांत्रिक तरीके से अपने राजनीतिक अधिकारों का इस्तेमाल करने की अपील की।


कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार, प्रधानमहासचिव राजेश पाण्डेय, मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता श्याम सुन्दर शरण, विधायक रोमित कुमार सिंह, विधायक प्रफुल्ल मांझी, महादलित आयोग के सदस्य मुकेश मांझी, राष्ट्रीय प्रवक्ता शंकर मांझी, जिला प्रभारी अविनाश कुमार, लाल मांझी, शारदा देवी, फुलवा देवी, वीरेंद्र मोहन, प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण प्रसाद मांझी, कमसनेही मांझी, चंदन गौरव, गिरधारी सिंह, बीपी सिंह, स्मिता शर्मा  आकाश कुमार, लवकुश बिहारी, शिवेंद्र सिंह, गीता पासवान एवं संतोष सागर सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित हजारों लोगों ने गरीब, वंचित एवं महादलित समाज के अधिकारों, कोटे में कोटा, राजनीतिक हिस्सेदारी और सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत करने का संकल्प लिया।

 कोटे में कोटा हमारा अधिकार है, बोले संतोष सुमन..किसी की धमकी से डरने वाले नहीं, हक लेकर रहेंगे

टैग्स