Bihar Road Accident: बिहार के पूर्णिया में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा के चचेरे भाई की मौत हो गई. जिला मुख्यालय स्थित कप्तान पुल पर तेज रफ्तार Fortuner अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सौरा नदी में जा गिरी. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. काफी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से कार को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन चालक की जान नहीं बचाई जा सकी.
मृतक की पहचान डगरूआ प्रखंड के कोचैली निवासी बबलू विश्वास के रूप में हुई है. वह पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा के चचेरे भाई थे. हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार देर शाम कप्तान पुल से वाहनों की आवाजाही जारी थी. इसी दौरान एक तेज रफ्तार Fortuner अचानक अनियंत्रित हो गई. इससे पहले कि चालक कार पर नियंत्रण कर पाता, वाहन पुल की सुरक्षा रेलिंग तोड़ते हुए सीधे सौरा नदी में जा गिरा.
कार नदी में गिरते ही पुल से गुजर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को घटना की सूचना दी. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.
हादसे की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी अभिनव पराशर और सदर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. नदी में डूबी कार को बाहर निकालने के लिए गुलाबबाग जीरो माइल से क्रेन मंगवाई गई.
पुलिस और राहत टीम ने काफी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से Fortuner को नदी से बाहर निकाला. हालांकि, कार चला रहे बबलू विश्वास की डूबने से मौत हो चुकी थी. हादसे में उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.
हादसे के बाद कप्तान पुल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. दुर्घटनाग्रस्त कार को नदी से निकालने और राहत कार्य के दौरान पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. इस वजह से करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा.
बाद में पुलिस ने मौके पर जुटी भीड़ को नियंत्रित कर दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवाया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम समेत आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.





