Patna News: पटना के आर ब्लॉक स्थित सोनभवन के पीछे कैंपस में लगे ट्रांसफार्मर में अचानक भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटें देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही सोनभवन में तैनात गार्ड ने तत्परता और बहादुरी दिखाते हुए मौके पर उपलब्ध फायर उपकरणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। इसी बीच घटना की जानकारी अग्निशमन विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही सचिवालय और लोदीपुर अग्निशमन केंद्र से चार दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
राहत की बात यह रही कि इस अग्निकांड में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। साथ ही, किसी तरह के जान-माल के नुकसान की भी जानकारी सामने नहीं आई है।
फिलहाल ट्रांसफार्मर में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। अग्निशमन विभाग की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है।
रिपोर्ट- सूरज कुमार, पटना





