Bihar Police: पटना में पिछले 12 साल से चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे शातिर चोर दिनेश कुमार उर्फ लंगड़ा की गिरफ्तारी के बाद कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. पुलिस के मुताबिक, दिनेश ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के आवास समेत 100 से अधिक घरों में चोरी की थी. हैरानी की बात यह है कि वह किसी बड़े गिरोह के साथ नहीं, बल्कि अपनी पत्नी और बेटे के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था. चोरी की कमाई से उसने पटना और मुंबई तक में संपत्ति बना ली.
रविवार को शास्त्रीनगर थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले में दिनेश उर्फ लंगड़ा समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया था. इनमें उसकी पत्नी पूनम देवी और बेटा आर्यन इशु भी शामिल हैं. पूछताछ के दौरान पुलिस को उसके चोरी करने के तरीके, परिवार की भूमिका और संपत्तियों को लेकर कई अहम जानकारियां मिली हैं.
पुलिस के अनुसार, दिनेश पिछले करीब 12 वर्षों से पटना में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था. इस दौरान उसने 100 से अधिक घरों को निशाना बनाया. वह चोरी की योजना से लेकर वारदात को अंजाम देने तक खुद सक्रिय रहता था, जबकि उसकी पत्नी चोरी के आभूषणों को बेचने का काम करती थी. वहीं, बेटा आर्यन इशु चोरी से मिलने वाली रकम का हिसाब-किताब रखता था.
पत्नी बेचती थी गहने, बेटा रखता था पैसों का हिसाब
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दिनेश ने चोरी के लिए अपने परिवार को ही शामिल कर रखा था. घरों में चोरी करने की जिम्मेदारी वह खुद संभालता था. चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषणों को उसकी पत्नी पूनम देवी बेचती थी, जबकि बेटा आर्यन इशु पैसों का हिसाब रखता था. इस तरह तीनों मिलकर चोरी से होने वाली कमाई का इस्तेमाल करते थे.
पुलिस के मुताबिक, दिनेश को इसी साल की शुरुआत में भी गिरफ्तार किया गया था, लेकिन पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने के कारण उसे जमानत मिल गई थी. जेल से बाहर आने के बाद वह फिर चोरी की घटनाओं में सक्रिय हो गया. इस बार पुलिस ने उसकी पत्नी और बेटे समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है.
शाम के चार से छह बजे के बीच करता था चोरी
पूछताछ में दिनेश ने बताया कि वह आमतौर पर शाम चार बजे से छह बजे के बीच चोरी की वारदातों को अंजाम देता था. पुलिस के अनुसार, वह पहले संभावित घरों की जानकारी जुटाता था और कई दिनों तक आसपास की गतिविधियों पर नजर रखता था. इसके बाद मौका देखकर चोरी करता था.
दिनेश सोशल मीडिया के जरिए भी लोगों की आर्थिक स्थिति और जीवनशैली का अंदाजा लगाने की कोशिश करता था. पुलिस के मुताबिक, वह खासकर महिलाओं के सोशल मीडिया अकाउंट पर नजर रखता था. पर्व-त्योहार और शादी-विवाह के दौरान पहने गए आभूषणों की तस्वीरों से परिवार की आर्थिक स्थिति का अनुमान लगाता था.
पटना में दो और मुंबई में एक फ्लैट की जानकारी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, चोरी की कमाई से दिनेश ने पटना में दो और मुंबई में एक फ्लैट खरीदा है. इसके अलावा उसकी अन्य संपत्तियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस अब यह पता लगाने में लगी है कि इन संपत्तियों को खरीदने में इस्तेमाल की गई रकम कहां से आई.
मामले में आय से अधिक संपत्ति और चोरी की कमाई से बनाई गई संपत्तियों की भी जांच की जा रही है. इसके लिए आर्थिक अपराध इकाई को भी जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के आवास में भी कर चुका है चोरी
दिनेश उर्फ लंगड़ा का नाम केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के आवास पर हुई चोरी के मामले में भी सामने आ चुका है. वर्ष 2014 में उसने केंद्रीय मंत्री के आवास में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस के अनुसार, इस घटना में आवास पर काम करने वाले दो कर्मचारियों ने उसकी मदद की थी. उस मामले में दिनेश समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. उस समय आरोपितों के पास से एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सामान और नकदी बरामद किए गए थे.
घर से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और हथियार बरामद
पुलिस को अब तक दिनेश के खिलाफ पटना के दस थानों में चोरी के मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है. बुधवार को उसके घर की तलाशी के दौरान पुलिस ने सोने का एक बिस्कुट, चांदी के तीन बिस्कुट, चांदी के सिक्के, चांदी की कटोरी, चार चूड़ियां, 28 बिछिया, नौ जोड़ी पायल और एक ब्रेसलेट बरामद किया.
इसके अलावा 1.29 लाख रुपये नकद, एक देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, 41 ग्राम स्मैक और पांच मोबाइल फोन भी मिले हैं. पुलिस अब बरामद सामानों के स्रोत और दिनेश की अन्य चोरी की घटनाओं में संलिप्तता की जांच कर रही है.




