1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 28, 2026, 7:17:33 AM
- फ़ोटो
Patna Airport : बिहार की राजधानी पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से हवाई सेवाओं में बड़ा विस्तार देखने को मिला है। पहली बार पटना से नवी मुंबई के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू की गई है। इसके साथ ही लगभग चार वर्षों के अंतराल के बाद पटना एयरपोर्ट से देर रात और आधी रात के समय भी विमानों का परिचालन शुरू होने जा रहा है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने समर शेड्यूल जारी कर दिया है, जो 29 मार्च से 24 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगा।
नए शेड्यूल के अनुसार 29 मार्च से इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट पुणे से रात 2 बजे पटना पहुंचेगी और मात्र 55 मिनट के ठहराव के बाद 2:55 बजे पुणे के लिए वापस उड़ान भरेगी। इस तरह पटना एयरपोर्ट पर देर रात उड़ानों का एक बार फिर से संचालन शुरू होगा, जो पिछले कई वर्षों से बंद था।
समर शेड्यूल में कुल 44 जोड़ी विमानों का परिचालन विभिन्न राज्यों से पटना आने-जाने के लिए किया जाएगा। इनमें सबसे अधिक 13 जोड़ी उड़ानें पटना और दिल्ली के बीच संचालित होंगी, जो इस रूट की सबसे व्यस्त हवाई सेवा को दर्शाता है। इसके अलावा हैदराबाद और पटना के बीच चार जोड़ी विमानों का परिचालन भी सुनिश्चित किया गया है, जिससे दक्षिण भारत से बिहार की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
इस शेड्यूल की सबसे बड़ी खासियत नवी मुंबई के लिए शुरू हुई नई सीधी उड़ान है। इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 2043 नवी मुंबई से दोपहर 2:15 बजे पटना पहुंचेगी और पटना से दोपहर 2:50 बजे नवी मुंबई के लिए रवाना होगी। पिछले वर्ष महाराष्ट्र में नवी मुंबई एयरपोर्ट का उद्घाटन हुआ था और अब सीधे पटना से कनेक्टिविटी शुरू होने के बाद मुंबई, ठाणे और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले बिहारवासियों को बड़ा फायदा मिलेगा।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, समर शेड्यूल के तहत 43 जोड़ी विमान सुबह 7 बजे से रात 10:30 बजे तक सामान्य रूप से परिचालित होंगे। इस दौरान सुबह 7:35 बजे से रात 11:25 बजे तक उड़ानों की आवाजाही जारी रहेगी। वहीं, आधी रात के बाद यानी अगले दिन की सुबह तक लगभग 7 घंटे 45 मिनट के समय में केवल एक जोड़ी विमान का संचालन होगा।
रात के समय केवल एक रूट पर उड़ान संचालन होने से एयरपोर्ट प्रबंधन पर आर्थिक और संचालन संबंधी दबाव भी बढ़ेगा। इसके बावजूद प्रशासन ने यह निर्णय इसलिए लिया है क्योंकि हाल ही में पटना एयरपोर्ट का नया टर्मिनल तैयार किया गया है, जिसमें 24 घंटे उड़ान संचालन की सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। पहले इन सुविधाओं का उपयोग केवल 16 से 17 घंटे तक ही हो पा रहा था।
एयरपोर्ट प्रबंधन का मानना है कि इस पहल से अन्य विमानन कंपनियां भी रात के समय उड़ान सेवाएं शुरू करने के लिए प्रेरित होंगी। इससे पटना एयरपोर्ट की उपयोगिता बढ़ेगी और भविष्य में इसे पूर्ण रूप से 24 घंटे सक्रिय एयरपोर्ट बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इस नई व्यवस्था से न केवल यात्रियों को अधिक विकल्प मिलेंगे, बल्कि बिहार की राजधानी पटना की कनेक्टिविटी देश के प्रमुख शहरों से और मजबूत होगी।