पटना: लोक आस्था का महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व को लेकर बिहार की राजधानी पटना समेत पूरे प्रदेश में भक्तिमय माहौल बनने लगा है। कहीं छठ घाटों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, तो कहीं गलियों और मोहल्लों में छठी मैया के गीत गूंजने लगे हैं। बाजारों में भी रौनक चरम पर है। फल मंडियों से लेकर बांस के सूप-दउरा और पूजा सामग्री की दुकानों तक खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। लेकिन इस बार छठ की तैयारियों के बीच महंगाई ने व्रती परिवारों की चिंता बढ़ा दी है।
छठ पूजा की खरीदारी इस बार पिछले साल के मुकाबले काफी महंगी पड़ रही है। फल, गन्ना, नारियल, सिंघाड़ा, सूप-दउरा, पीतल के बर्तन और मिट्टी के चूल्हे तक की कीमतों में इजाफा हुआ है। कई सामान 20 से 30 प्रतिशत तक महंगे हो गए हैं। हालत यह है कि जो परिवार पिछले साल दो पेटी सेब खरीदते थे, वे इस बार कीमत सुनकर एक पेटी से ही काम चलाने की सोच रहे हैं। यानी आस्था में कोई कमी नहीं है, लेकिन महंगाई ने खरीदारी का हिसाब जरूर बदल दिया है।
फल मंडी में माल की भरमार, फिर भी कीमतें आसमान पर
पटना की बाजार समिति में छठ को लेकर फलों की बड़ी खेप पहुंच रही है। बिहार की सबसे बड़ी फल मंडी में करीब 60 ट्रक सेब, 100 ट्रक केला, 50-50 ट्रक संतरा और अमरूद, 40 ट्रक अनार, 40 ट्रक गन्ना और 60 ट्रक नारियल पहुंच चुके हैं। इसके अलावा सिंघाड़ा, सुथनी, हल्दी, मूली और जंगली फलों की भी आवक हो रही है।
इसके बावजूद आम लोगों को राहत नहीं मिल रही है। फल कारोबारी हसन इमाम के मुताबिक, बारिश के कारण फलों की गुणवत्ता प्रभावित हुई है। कई फलों पर दाग पड़ गए हैं और अच्छी क्वालिटी का माल कम मिल रहा है। पिछले साल 1100 रुपये में मिलने वाली सेब की पेटी अब 1300 से 1400 रुपये तक पहुंच गई है। वहीं, 8 किलो का सेब का डिब्बा, जो पिछले साल 500 से 550 रुपये में मिलता था, इस बार करीब 800 रुपये में बिक रहा है।
केला, गन्ना और सिंघाड़ा भी हुए महंगे
इस बार केले की कीमतों पर भी मौसम की मार पड़ी है। अक्टूबर में आए चक्रवाती तूफान अर्नब और तेज आंधी के कारण केले के बागानों को नुकसान पहुंचा। कई जगह पौधे गिर गए, जिससे स्थानीय उत्पादन प्रभावित हुआ। इसकी भरपाई के लिए आंध्र प्रदेश और कर्नाटक से केले मंगाए जा रहे हैं। केला कारोबारी राकेश कुमार के अनुसार, इस बार एक घौद केला 400 से 650 रुपये तक बिक रहा है। छठ को देखते हुए मंडी में 90 से 100 ट्रक केला मंगाया गया है।
वहीं, छठ घाटों की शोभा बढ़ाने वाला गन्ना भी महंगा हो गया है। पिछले साल 15 रुपये में मिलने वाला एक गन्ना इस बार 20 रुपये में बिक रहा है। इसी तरह सिंघाड़ा 50 से 80 रुपये किलो से बढ़कर 60 से 100 रुपये किलो तक पहुंच गया है। सुथनी, हल्दी और मूली जैसे पूजा के सामानों की कीमतों में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है।
सूप-दउरा से लेकर पीतल के बर्तनों तक बढ़े दाम
छठ पूजा में बांस से बने सूप और दउरा का विशेष महत्व है। इन्हीं में प्रसाद सजाकर घाट तक ले जाया जाता है और सूप से भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। पटना के ठाकुरबाड़ी रोड से लेकर कंकड़बाग तक बांस के सामानों की दुकानें सज गई हैं। लेकिन इस बार यहां भी महंगाई का असर साफ दिखाई दे रहा है।
पूजा में इस्तेमाल होने वाले पीतल के सूप, पंजाबी थाल, बाल्टी और अन्य धातु के बर्तनों की कीमतों में भी पिछले साल की तुलना में 80 से 100 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। दुकानदार निरंजन प्रसाद अग्रवाल बताते हैं कि छठ को लेकर इन सामानों की मांग बढ़ी है।
वहीं, खरना का प्रसाद तैयार करने के लिए इस्तेमाल होने वाला मिट्टी का चूल्हा भी करीब 350 रुपये में मिल रहा है। इसी चूल्हे पर आम की लकड़ी से खीर, पूड़ी और रोटी बनाई जाती है। इसके अलावा दीये, कलश और धूपदानी खरीदने में भी लोगों को पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं।
एक छठ व्रती परिवार का बजट 800 रुपये तक बढ़ा
महंगाई का सबसे बड़ा असर आम परिवारों की जेब पर पड़ रहा है। अगर पांच सदस्यों वाले एक परिवार में एक व्यक्ति छठ व्रत करता है, तो उसे पूजा के लिए कई तरह के फल और सामग्री खरीदनी पड़ती है। सेब, केला, संतरा, अमरूद, सिंघाड़ा, शकरकंद, गन्ना, नारियल, गागर नींबू और अनानास के अलावा सूप, दउरा, टोकरी, मिट्टी का चूल्हा, दीये और पूजा के अन्य सामान खरीदने होते हैं।
पिछले साल इन सामानों की खरीदारी पर करीब 2800 से 3000 रुपये खर्च होते थे। लेकिन इस बार यही बजट बढ़कर 3500 से 4000 रुपये तक पहुंच गया है। यानी सिर्फ पूजा सामग्री और फलों की खरीदारी में ही परिवारों को 600 से 800 रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़ रहे हैं। इसमें खरना के लिए दूध, चावल, गुड़, घी, आटा, ठेकुआ बनाने की सामग्री और परिवार के सदस्यों के नए कपड़ों का खर्च शामिल नहीं है। इन्हें जोड़ दिया जाए तो छठ पूजा का कुल बजट और बढ़ जाता है।
महंगाई के बावजूद आस्था में कोई कमी नहीं
कारोबारियों का मानना है कि नहाय-खाय और खरना के साथ बाजार में खरीदारों की भीड़ और बढ़ेगी। ऐसे में कीमतों में और तेजी आने की आशंका है। डीजल की बढ़ी कीमतों ने माल ढुलाई महंगी कर दी है। पिछले साल की तुलना में डीजल करीब 7 रुपये प्रति लीटर महंगा होने का असर भी कारोबार पर पड़ा है।
हालांकि, महंगाई के बावजूद छठ व्रतियों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिख रही है। लोग अपनी सामर्थ्य के अनुसार पूजा की तैयारियों में जुटे हैं। किसी ने खरीदारी में कटौती की है, तो कोई बजट बढ़ाकर भी परंपरा निभाने की तैयारी कर रहा है।
कुल मिलाकर इस बार छठ महापर्व में बाजार की रौनक तो पहले जैसी है, लेकिन खरीदारी की थैलियों पर महंगाई का बोझ साफ नजर आ रहा है। छठी मैया के प्रति आस्था अटूट है, मगर इस बार पूजा की थाली सजाने के लिए जेब पहले से ज्यादा ढीली करनी पड़ रही है।





