Bihar Panchayat Chunav: बिहार में पंचायत चुनाव को लेकर पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में पंचायत चुनाव परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही कराए जाएंगे।
हालांकि, परिसीमन की प्रक्रिया कब तक पूरी होगी और पंचायत चुनाव की तारीख क्या होगी, इस पर उन्होंने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि फिलहाल परिसीमन की प्रक्रिया चल रही है। इसके पूरा होने के बाद ही बिहार में पंचायत चुनाव कराए जा सकेंगे।
बिहार में NDA के अंदर चल रही राजनीतिक गतिविधियों और उथल-पुथल की चर्चाओं पर भी पंचायती राज मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने ऐसी खबरों को अफवाह बताते हुए कहा कि इन बातों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार आराम से चल रही है और आगे भी आराम से चलेगी। मंत्री ने NDA में किसी तरह की परेशानी होने की बात को खारिज किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री बिहार आ रहे हैं और उनके दौरे से राज्य को कई सौगातें मिलेंगी। विपक्ष के इस आरोप पर कि प्रधानमंत्री ने बिहार को अब तक कुछ नहीं दिया, उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि यह आरोप पूरी तरह गलत है। प्रधानमंत्री ने बिहार को बहुत कुछ दिया है और डबल इंजन की सरकार राज्य में लगातार विकास कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जब भी बिहार आते हैं, राज्य को कुछ न कुछ देकर जाते हैं। इस बार भी उनके दौरे के दौरान कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।





