Bihar Liquor Complaint QR Code: बिहार में शराब की अवैध बिक्री और कारोबार से जुड़ी शिकायत करना अब आसान हो गया है. इसके लिए मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग ने नई डिजिटल सुविधा शुरू की है. विभाग की ओर से एक QR कोड जारी किया गया है, जिसे मोबाइल से स्कैन कर लोग घर बैठे शराब से संबंधित शिकायत दर्ज करा सकेंगे. शिकायत दर्ज करने के लिए अब उत्पाद विभाग के कार्यालय जाने या किसी अधिकारी से सीधे संपर्क करने की जरूरत नहीं होगी.
सहरसा में उत्पाद विभाग ने इस सुविधा को आम लोगों तक पहुंचाने की पहल शुरू कर दी है. उत्पाद निरीक्षक संजीत कुमार ने बताया कि विभाग की ओर से जारी QR कोड को मोबाइल से स्कैन करने पर एक चैटबॉट खुलेगा. इसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति शराब की अवैध बिक्री, कारोबार या इससे जुड़ी अन्य गतिविधियों की जानकारी विभाग तक पहुंचा सकता है.
QR कोड स्कैन करते ही खुल जाएगा चैटबॉट
शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया को आसान रखा गया है. लोगों को अपने मोबाइल से QR कोड स्कैन करना होगा. इसके बाद चैटबॉट के जरिए शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी. विभाग का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद संबंधित मामले में त्वरित कार्रवाई की जाएगी.
उत्पाद निरीक्षक संजीत कुमार ने आम लोगों से इस सुविधा का इस्तेमाल करने और नशामुक्त बिहार अभियान में सहयोग करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि आसपास शराब की अवैध बिक्री या इससे जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर लोग QR कोड के माध्यम से विभाग को सूचना दे सकते हैं.





