ADR Report 2026 : देश के मुख्यमंत्रियों की संपत्ति को लेकर जारी एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की ताजा रिपोर्ट ने कई दिलचस्प खुलासे किए हैं। इस रिपोर्ट में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी देश के सबसे अमीर मुख्यमंत्रियों की सूची में 14वें स्थान पर हैं। उनके पास कुल 11.34 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति है। खास बात यह है कि यह संपत्ति उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषित संपत्ति से करीब सात गुना अधिक है।
हालांकि, देश के सबसे अमीर मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के नाम है। ADR के अनुसार उनके पास 1,413 करोड़ रुपये की संपत्ति है। वहीं बिहार के पड़ोसी राज्य झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी संपत्ति के मामले में सम्राट चौधरी से काफी आगे हैं। उनके पास 25.33 करोड़ रुपये की संपत्ति दर्ज की गई है।
8 महीने में संपत्ति में बड़ा इजाफा
ADR की रिपोर्ट के मुताबिक मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास वर्तमान में 11 करोड़ 32 लाख 82 हजार 854 रुपये की संपत्ति है। दिलचस्प बात यह है कि 31 दिसंबर 2025 को उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 6.38 करोड़ रुपये घोषित की थी। यानी कुछ ही महीनों में उनकी घोषित संपत्ति में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज हुई है। हालांकि, पहले घोषित विवरण के अनुसार उनकी चल संपत्ति 1.18 करोड़ रुपये और अचल संपत्ति 5.20 करोड़ रुपये थी। नई रिपोर्ट में संपत्ति का मूल्य बढ़कर 11.34 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
न कर्ज, न वित्तीय बोझ
ADR की रिपोर्ट के अनुसार 56 वर्षीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर एक रुपये का भी कर्ज नहीं है। उन्होंने डॉक्टरेट की शिक्षा प्राप्त की है और उनकी वार्षिक आय लगभग 17.91 लाख रुपये बताई गई है।
सम्राट चौधरी पर दर्ज हैं दो आपराधिक मामले
रिपोर्ट के अनुसार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें एक मामला पटना के कोतवाली थाना और दूसरा मुंगेर जिले के तारापुर थाना में दर्ज हुआ था। इन मामलों में भारतीय दंड संहिता (IPC) की कई धाराएं शामिल हैं, जिनमें जानबूझकर चोट पहुंचाना, सरकारी कर्मचारी के आदेश की अवहेलना, चुनाव में अनुचित प्रभाव डालना, सरकारी कार्य में बाधा डालना, दंगा और गैर-कानूनी सभा जैसी धाराएं शामिल हैं।
हथियार, गहने, बैंक बैलेंस और जमीन
31 दिसंबर 2025 को दाखिल किए गए संपत्ति विवरण के अनुसार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उनकी पत्नी के पास 20-20 लाख रुपये के गहने हैं। उनके पास 4 लाख रुपये की एनपी बोर राइफल और 2 लाख रुपये का रिवॉल्वर भी है। सम्राट चौधरी के चार बैंक खातों में 17.44 लाख रुपये, जबकि उनकी पत्नी के पांच बैंक खातों में 6.41 लाख रुपये जमा थे। इसके अलावा उन्होंने 51.68 लाख रुपये का निवेश बॉन्ड, डिबेंचर और बीमा योजनाओं में किया हुआ है। उनके पास 7 लाख रुपये की बोलेरो और लगभग 4.91 करोड़ रुपये की जमीन-जायदाद भी दर्ज है।
BJP के अमीर मुख्यमंत्रियों में छठे नंबर पर
यदि केवल भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बात करें तो सम्राट चौधरी छठे सबसे अमीर मुख्यमंत्री हैं। इस सूची में पहले स्थान पर अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू हैं, जिनके पास 332.56 करोड़ रुपये की संपत्ति है। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास 1.54 करोड़ रुपये की संपत्ति है और वे भाजपा के मुख्यमंत्रियों की सूची में निचले स्थान पर हैं।
देश के 45% मुख्यमंत्रियों पर आपराधिक मामले
ADR की रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि देश के 45 प्रतिशत (14) मुख्यमंत्री किसी न किसी आपराधिक मामले में आरोपी हैं। इनमें से 35 प्रतिशत (11 मुख्यमंत्री) गंभीर आपराधिक मामलों का सामना कर रहे हैं।रिपोर्ट के अनुसार देश के मुख्यमंत्रियों की औसत संपत्ति 118.07 करोड़ रुपये है। इस सूची में पहले स्थान पर डी.के. शिवकुमार, दूसरे स्थान पर एन. चंद्रबाबू नायडू, तीसरे स्थान पर सी. जोसेफ विजय और चौथे स्थान पर पेमा खांडू हैं।
सबसे गरीब मुख्यमंत्री कौन?
ADR के मुताबिक जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सबसे कम संपत्ति वाले मुख्यमंत्री हैं। उनके पास कोई अचल संपत्ति नहीं है और कुल 55.24 लाख रुपये की चल संपत्ति दर्ज है। वहीं पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी कम संपत्ति वाले मुख्यमंत्रियों में शामिल हैं।
हिमाचल के मुख्यमंत्री ने रिपोर्ट पर उठाए सवाल
इस बीच हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ADR की रिपोर्ट की सटीकता पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि उनकी संपत्ति में नई बढ़ोतरी नहीं हुई है, बल्कि वर्षों पहले खरीदी गई जमीन के बाजार मूल्य और उस पर बने मकान के कारण मूल्यांकन बढ़ा है। उन्होंने कहा कि उनकी सभी संपत्तियां सार्वजनिक रिकॉर्ड में दर्ज हैं और यदि किसी को संदेह है तो किसी भी एजेंसी से जांच कराई जा सकती है।





