Patna News: राजधानी पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित चांदनी मार्केट में शुक्रवार को भीषण आग लग गई। आग लगते ही मार्केट में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, आग मार्केट के एक गोदाम में लगी, जहां इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स रखे हुए थे।
बताया जा रहा है कि थर्ड फ्लोर के ऊपर करकट का स्ट्रक्चर बनाकर गोदाम तैयार किया गया था। इसी गोदाम में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और दूर तक दिखाई देने लगीं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस समय गोदाम में आग लगी, उस वक्त मार्केट में एक हजार से अधिक दुकानदार और ग्राहक मौजूद थे। आग और धुआं देखकर लोगों में दहशत फैल गई। कई लोग अपनी जान बचाने के लिए मार्केट से बाहर भागे, जबकि कुछ लोगों को रेस्क्यू किया गया।
एक दुकानदार ने बताया कि वह दुकान पर ग्राहकों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते लोग इधर-उधर भागने लगे और पूरे मार्केट में अफरातफरी का माहौल बन गया। दुकानदार ने भी शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई।
घटना की सूचना स्थानीय दुकानदारों ने फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। हालांकि, मार्केट की गली संकरी होने के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
फिलहाल दमकल की टीम आग पर काबू पाने में जुटी हुई है। आग से गोदाम में रखे इलेक्ट्रॉनिक सामान को कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन आग बुझने के बाद ही हो सकेगा। आग लगने के वास्तविक कारण की जांच भी की जा रही है।





