Patna News: पटना में शहरी सौंदर्यीकरण को लेकर बड़ा कदम उठाया जा रहा है। पटना नगर निगम ने पटना एयरपोर्ट से लेकर पटना जंक्शन तक के इलाके को रिसॉर्ट जैसी डिजाइनिंग के साथ विकसित करने की योजना बनाई है। इसके तहत हरियाली बढ़ाने और शहर को आकर्षक बनाने के लिए बजट में विशेष प्रावधान किया गया है।
इस योजना के तहत पटना जंक्शन के सामने न्यू मार्केट और पटना एयरपोर्ट से शेखपुरा मोड़ तक जाने वाली सड़क को नया रूप दिया जाएगा। सड़क के बीच बने मीडियन पर लगे पौधों की सुरक्षा और सौंदर्यीकरण के लिए CNC पैनल लगाए जाएंगे, जिन्हें आकर्षक लाइटिंग से सजाया जाएगा।
फिलहाल यह माइल्ड स्टील CNC पैनल एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चिड़ियाघर से राजवंशी नगर स्थित पंचरूपी महावीर मंदिर तक करीब 700 फीट क्षेत्र में लगाए गए हैं। यहां दो तरह की लाइटें—एक अंदर की ओर और दूसरी मीडियन पर—लगाई गई हैं, जो शाम होते ही क्षेत्र को खूबसूरत रोशनी से भर देती हैं। इन पैनलों को कंप्यूटर न्यूमेरिकल कंट्रोल (CNC) कटिंग तकनीक से तैयार किया गया है। इस परियोजना में आर्ट कॉलेज के छात्रों को भी शामिल किया गया है, जो इन पैनलों को रंगों और डिजाइनों से सजा रहे हैं।
नगर निगम के अनुसार, इस तरह के CNC पैनल आमतौर पर गार्डन, होटल, रिसॉर्ट और बालकनी में उपयोग किए जाते हैं। लेकिन सड़क के मीडियन पर पौधों की सुरक्षा और सौंदर्यीकरण के लिए इस स्तर पर इनका इस्तेमाल देश में पहली बार पटना में किया जा रहा है। महंगे होने के बावजूद इनका उपयोग शहर को नया और आकर्षक रूप देने के लिए किया जा रहा है।
इसके अलावा, पटना जंक्शन के गोलंबर के पास एक त्रिकोणीय पार्क का निर्माण भी किया जा रहा है। एयरपोर्ट से शेखपुरा मोड़ तक सड़क पर लैंडस्कैपिंग की जाएगी और नेहरू पथ की ओर जाने वाले मार्ग पर दृश्यता सुधारने के लिए विशेष योजना लागू होगी। इस पहल के बाद पटना दिन में हरियाली से भरपूर और रात में जगमगाता नजर आएगा। आने वाले समय में रेलवे, नगर निगम और मेट्रो की ओर से इस क्षेत्र में और भी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।



