Bihar Tiger Attack News: पश्चिम चंपारण के मदनपुर वनक्षेत्र में बाघ के हमले में एक महिला की मौत हो गई. घटना नौरंगिया थाना क्षेत्र के सिरिसिया गांव के महजिदिया सरेह की है. महिला अपने खेत में मवेशियों के लिए घास काट रही थी, इसी दौरान गन्ने के खेत में छिपे बाघ ने उस पर हमला कर दिया. घटना के बाद आसपास के गांवों में डर का माहौल है. वन विभाग की टीम बाघ की तलाश में जुटी हुई है.
जानकारी के अनुसार, मृतका जरलहिया सिरिसिया गांव की रहने वाली थी. वह अपने धान के खेत में बैठकर मवेशियों के लिए घास काट रही थी. इसी दौरान पास के गन्ने के खेत में छिपे बाघ ने पीछे से उस पर हमला कर दिया. बाघ के हमले के बाद महिला शोर मचाने लगी.
महिला की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहीं कुछ महिलाएं मौके पर पहुंचीं. वहां उन्होंने बाघ को महिला को लेकर जाते देखा. बाघ को सामने देखकर महिलाएं डर गईं और शोर मचाते हुए वहां से हट गईं. उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे.
ग्रामीणों के पहुंचने और शोर मचाने पर बाघ महिला को छोड़कर गन्ने के खेत की ओर भाग गया. इसके बाद ग्रामीणों ने घटना की सूचना मदनपुर वनक्षेत्र कार्यालय और नौरंगिया थाना पुलिस को दी.
सूचना मिलते ही नौरंगिया थाना पुलिस और मदनपुर वनक्षेत्र की वनकर्मियों की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया. वन विभाग की टीम ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और बाघ की मौजूदगी को लेकर आसपास के इलाके में जानकारी जुटाई.
मदनपुर वनक्षेत्र अधिकारी नसीम अहमद अंसारी ने बताया कि महजिदिया सरेह में बाघ के हमले में महिला की मौत हुई है. वनकर्मियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की ओर से दिए जाने वाले आवेदन के आधार पर विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि नियमानुसार मुआवजे की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी.
घटना के बाद आसपास के गांवों में बाघ को लेकर लोगों में डर बना हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि बाघ के हमले के बाद से खेतों में काम करने और बाहर निकलने को लेकर लोग चिंतित हैं. वन विभाग की टीम बाघ की गतिविधियों का पता लगाने में जुटी है.
इधर, पश्चिम चंपारण में एक तेंदुए की तलाश भी लगातार जारी है. वीटीआर से भटककर आए इस तेंदुए को बिहार और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में कई बार देखे जाने की जानकारी सामने आई है. इसके बाद दोनों राज्यों के वनकर्मी उसकी तलाश और ट्रैकिंग में जुटे हैं.
बीते दिनों पिपरासी के केरवनिया टोला में तेंदुए ने एक कुत्ते का शिकार किया था. इसके बाद ग्रामीणों ने तेंदुए को आसपास के इलाके में देखे जाने की जानकारी वन विभाग को दी थी. इसके बाद वन विभाग ने इलाके में निगरानी बढ़ाई और तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजड़ा भी लगाया.
इसके बाद उत्तर प्रदेश के जटहा बाजार थाना क्षेत्र के माघी कोठिलवा और धूमनगर गांव में भी तेंदुए के देखे जाने की सूचना मिली थी. वनकर्मियों को वहां तेंदुए के पगमार्क भी मिले थे. यूपी वन विभाग की टीम ने गांव में कैंप कर तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने की कोशिश की.
पिपरासी के केरवनिया टोला में लगाए गए पिंजड़े की निगरानी वन विभाग के कर्मियों और टाइगर ट्रैकर्स की ओर से की जा रही है. दिन में चरवाहों, किसानों और मजदूरों से भी तेंदुए के बारे में जानकारी ली जा रही है. वनकर्मियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि तेंदुआ दिखाई देने पर खुद उसके करीब न जाएं और तुरंत वन विभाग को सूचना दें.





