PURNEA: बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव अपने एक विवादित बयान को लेकर चर्चा में हैं। मधेपुरा जिले के कुमारखंड प्रखंड स्थित अपने पैतृक गांव खुर्दा में दुर्गा महोत्सव के उद्घाटन के दौरान उन्होंने बेटियों से छेड़खानी करने वालों को लेकर बड़ा बयान दिया। पप्पू यादव ने कहा कि छेड़खानी करने वाले का हाथ काटकर लाने वाले को वो दो लाख रुपये का इनाम देंगे। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में बहस छिड़ गई है।
दरअसल, पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव अपने पैतृक गांव खुर्दा में आयोजित दुर्गा महोत्सव में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने बेटियों की सुरक्षा और सम्मान का मुद्दा उठाया। उन्होंने छेड़खानी करने वालों के खिलाफ कड़े प्रतिरोध की बात कही और यहां तक कह दिया कि ऐसे व्यक्ति का हाथ काटकर लाने वाले को दो लाख रुपये दिए जाएंगे। पप्पू यादव ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि बेटियों के साथ छेड़खानी करने वालों के खिलाफ महाभारत से भी बड़ा युद्ध होगा। उनके इस बयान ने महोत्सव के दौरान ही लोगों का ध्यान खींच लिया।
सांसद के बयान के बाद अब इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे बेटियों की सुरक्षा को लेकर सख्त संदेश मान रहे हैं, तो वहीं कुछ लोग अपराध के जवाब में हिंसा की बात कहने पर सवाल उठा रहे हैं। महिलाओं के खिलाफ अपराध पर सख्त कार्रवाई जरूरी है, लेकिन दोषियों को सजा देना कानून और न्यायिक प्रक्रिया के तहत ही होना चाहिए।
बता दें कि मधेपुरा जिले के कुमारखंड प्रखंड में स्थित खुर्दा गांव पप्पू यादव का पैतृक गांव है। यहां दुर्गा पूजा के अवसर पर हर साल महोत्सव और मेले का आयोजन किया जाता है। इस दौरान कुश्ती, कबड्डी और कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होते हैं। हालांकि, इस बार महोत्सव से ज्यादा चर्चा सांसद पप्पू यादव के दो लाख रुपये के इनाम वाले विवादित बयान की हो रही है।




