Bihar Train Accident: सारण जिले के मढ़ौरा में शनिवार की अहले सुबह ट्रेन की चपेट में आने से तीन साल के मासूम की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे घायल हो गए. हादसा मढ़ौरा थाना क्षेत्र के टेढ़ा गांव में टेढ़ा हॉल्ट के समीप हुआ. बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे रेलवे ट्रैक के पास खेल रहे थे, इसी दौरान पटना की ओर जा रही पाटलिपुत्र एक्सप्रेस वहां से गुजर गई.
मृतक की पहचान टेढ़ा गांव निवासी पवन कुमार के तीन वर्षीय पुत्र प्रेम कुमार के रूप में हुई है. हादसे में दीपक कुमार की चार वर्षीय बेटी अंबिका कुमारी भी घायल हुई है. एक अन्य बच्चा भी ट्रेन की चपेट में आने से घायल बताया जा रहा है.
ग्रामीणों के अनुसार, प्रेम कुमार, अंबिका कुमारी और एक अन्य बच्चा घर के पास रेलवे ट्रैक के समीप खेल रहे थे. इसी दौरान वहां से पाटलिपुत्र एक्सप्रेस गुजरी. ट्रेन की चपेट में आने से प्रेम कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अंबिका कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई. उसके एक पैर में गंभीर चोट आई है. तीसरा बच्चा ट्रेन के झटके से दूर जा गिरा, जिससे उसे भी चोट लगी.
अचानक हुए हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों के परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. घायल बच्चों को तत्काल इलाज के लिए मढ़ौरा अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया.
अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने प्रेम कुमार को मृत घोषित कर दिया. वहीं, घायल अंबिका कुमारी का इलाज जारी है. हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद टेढ़ा गांव में भी शोक का माहौल है.
रेलवे ट्रैक के पास बच्चों के पहुंचने और ट्रेन की चपेट में आने से हुए इस हादसे ने आसपास के लोगों को भी झकझोर दिया है. पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है.




