Bihar Crime News: बिहार के नालंदा जिले में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म और उसका आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि किशोरी की मां के बिजनेस पार्टनर ने पहचान का फायदा उठाकर उसके साथ गलत काम किया और बाद में वीडियो व तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर लगातार उसका यौन शोषण करता रहा. मामले में पीड़िता की मां ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
मामला चंडी थाना क्षेत्र के एक गांव का है. जानकारी के अनुसार, पीड़िता की मां वर्ष 2022 से मवेशियों के चारे से जुड़ी कंपनी चलाती थीं. इस कारोबार में नगरनौसा थाना क्षेत्र का रहने वाला एक व्यक्ति उनका बिजनेस पार्टनर था. इसी वजह से उसका महिला के घर आना-जाना लगा रहता था. इसी दौरान आरोपी की पहचान महिला की नाबालिग बेटी से हुई.
बिजनेस पार्टनर होने का उठाया फायदा
पीड़िता की मां का आरोप है कि आरोपी ने परिवार से अपनी नजदीकी का फायदा उठाकर किशोरी को अपने झांसे में लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया. आरोप है कि इस दौरान उसने किशोरी की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो भी बना लिए. इसके बाद आरोपी उन तस्वीरों और वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर किशोरी का लगातार यौन शोषण करता रहा.
विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी
पीड़िता की मां के मुताबिक, आरोपी किशोरी को वीडियो और तस्वीरें वायरल करने की धमकी देता था. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी. परिवार को इसकी जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई. इस वजह से किशोरी काफी समय तक डर के कारण घरवालों को कुछ नहीं बता सकी.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद खुला मामला
बताया जा रहा है कि हाल ही में आरोपी ने कथित तौर पर किशोरी का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दीं. इसके बाद परिवार को पूरे मामले की जानकारी हुई. घटना सामने आने पर पीड़िता की मां ने चंडी थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई.
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पीड़िता की मेडिकल जांच सदर अस्पताल में कराई. चंडी थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार झा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस कार्रवाई कर रही है. पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.





